मतदान से पहले जिला व्यय निगरानी समिति कांगड़ा की अंतिम बैठक में भाजपा उम्मीदवार किशन कपूर मंडी में हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चंबा की अमित शाह की रैली में खर्च राशि का ब्यौरा नहीं दे पाए। अब उन्हें मतगणना के बाद होने वाली व्यय निगरानी समिति की बैठक में प्रचार में खर्च की गई राशि का पूरा ब्यौरा देना होगा। अंतिम बैठक में भाजपा प्रत्याशी ने मोदी और शाह की रैली के अलावा 22,67,969 रुपये खर्च करने की डिटेल दी है।
वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी पवन कालज ने अभी तक प्रचार में 32,19,014 रुपये खर्च किए हैं। इसके अलावा आजाद प्रत्याशियों में बचन सिंह राणा ने सबसे ज्यादा 18,28,043 रुपये प्रचार में व्यय किए हैं। बसपा के केहर सिंह ने 1,50,164 रुपये, पीसी विश्वकर्मा ने 2,99,695 रुपये, स्वरूप सिंह राणा ने 1,16,864 रुपये, चंद्रभान ने 16,195 रुपये, नरेंद्र पठानिया ने 80,400 रुपये, निशा कटोच ने 1,61,152 रुपये और संजीव गुलेरिया ने 85,842 रुपये खर्च किए हैं।
उधर, व्यय निगरानी समिति के नोडल अधिकारी एवं एडीसी कांगड़ा राघव शर्मा ने कहा कि मतदान से पहले तीन बैठक होना प्रस्तावित थी। जिसमें कांगड़ा-चंबा संसदीय सीट से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों को प्रचार खर्च का ब्यौरा दिया है। जो डिटेल उम्मीदवारों ने नहीं दी है, वह मतगणना के बाद होनी वाली बैठक में उम्मीदवारों को देनी होगी।