लोकसभा चुनाव मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों के पाई-पाई खर्च पर चुनाव आयोग की नजर रहेगी। चुनावी रैली में टेंट, कुर्सी, फर्नीचर, डेकोरेशन और अन्य सामान के खर्च का भी आकलन किया जाएगा। रैली के दौरान डीजे वाले को 1500 रुपये और लोकल बैंडबाजे के 500 से 5000 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से खर्च में जोड़े जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी हमीरपुर ने विभिन्न राजनीतिक दलों के सदस्यों के साथ मूल्यांकन चार्ट पर चर्चा कर इसकी दरें निर्धारित की हैं। मूल्यांकन चार्ट के मुताबिक सामान्य कुर्सी 5 रुपये, सोफा 500 रुपये, वीआईपी कुर्सी 20 रुपये, सामान्य टेबल 50 रुपये, जमीन पर बिछाने के लिए दरी 50 रुपये, पोलिंग एजेंट तथा कैंपेन में कार्य करने वालों के लिए 500 रुपये दैनिक मजदूरी, लाउड स्पीकर 500 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से दरें तय की गई हैं। इसके अलावा पंडाल बनाने के लिए 2000 रुपये, कपड़े के बैनर 20 रुपये से 450 रुपये तक और कपड़े के झंडे के लिए 20 से 50 रुपये निधारित किए गए हैं।