हिमाचल में प्री प्राइमरी स्कूलों के 47 हजार विद्यार्थियों की भी अब व्हाट्सऐप से पढ़ाई करवाई जाएगी। नर्सरी और केजी के बच्चों को भी लॉकडाउन के दौरान व्यस्त रखने को शिक्षा विभाग ने योजना बनाकर काम शुरू कर दिया है। प्रदेश के 3700 सरकारी स्कूलों में अभी प्री प्राइमरी की कक्षाएं चल रही हैं। समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना कार्यालय के माध्यम से प्री प्राइमरी कक्षाओं की पढ़ाई करवाई जा रही है। निजी स्कूलों का मुकाबला करने के लिए बीते दो साल के दौरान प्रदेश के सरकारी स्कूलों में नर्सरी और केजी की कक्षाएं शुरू की गई हैं।
इन कक्षाओं में पढ़ने वाले बच्चों को अक्षर ज्ञान और उठने-बैठने सहित खाने-पीने के तरीके समझाए जाते हैं। कोरोना वायरस से बचाव के लिए इन दिनों सभी स्कूल बंद हैं। ऐसे में अन्य कक्षाओं की तर्ज पर अब प्री प्राइमरी कक्षाओं के बच्चों को भी डिजिटल तरीके से पढ़ाई करवाने का फैसला लिया गया है। इसके लिए नर्सरी और केजी में पढ़ने वाले सभी बच्चों के अभिभावकों के मोबाइल नंबर एकत्र कर व्हाट्सऐप ग्रुप बनाए गए हैं। इन नन्हे-मुन्ने बच्चों को भी अब रोजाना पढ़ाई से जोड़े रखने के लिए कुछ काम घर पर करवाने के लिए भेजा जा रहा है।