फोरलेन प्रोजेक्ट बनने से चंडीगढ़ से मनाली की दूरी लगभग 50 से 60 किमी कम होगी। इससे पर्यटकों के लगभग 2 घंटे के समय की बचत होगी। चंडीगढ़ से मनाली तक दूरी वर्तमान में लगभग 320 किमी है। यह कम होकर लगभग 260 किमी रह जाएगी। चंडीगढ़ से मनाली लगभग 7 घंटे में पहुंच सकेंगे। वर्तमान में चंडीगढ़ से मनाली पहुंचने के लिए लगभग 9 से 10 घंटे लगते हैं।
सड़क, पुल और भवन निर्माण भी शुरू
सोलन शहर में मालरोड की नाली को ढकने का काम दोबारा शुरू हो गया है। कोरोना के चलते प्रशासन के निर्देशों पर काम बंद कर दिया गया था। यह कार्य लोनिवि की ओर से करीब 14 लाख से किया जा रहा है। हमीरपुर जिले में संपर्क सड़कों की मरम्मत का काम शुरू हो गया है। कुल्लू में भी सोमवार से निर्माण कार्य शुरू हो गए। सड़क, पुल और भवन निर्माण के साथ 30 करोड़ के जलशक्ति विभाग के काम होंगे। लोनिवि ने करीब 100 और जलशक्ति विभाग ने 89 कामों की मंजूरी मांगी है। नालागढ़ में पैचवर्क चला हुआ है।
चंबा-पठानकोट हाईवे पर परेल के समीप रावी पर निर्माणाधीन पुल का काम शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग ने इसके लिए प्रशासन से अनुमति मांगी थी। कार्य के दौरान सैनिटाइजेशन और लेबर की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। सोशल डिस्टेंसिंग रखने के लिए भी अधिकारी जागरूक कर रहे हैं। रावी नदी पर बना परेल पुल वर्ष 2017 में दिवाली की सुबह अचानक गिर गया था। इस दौरान तीन वाहन पुल से गुजर रहे थे। इसके गिरने से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ था।
लोक निर्माण विभाग ने पुल का दोबारा निर्माण करने के लिए ठेकेदार को नोटिस दिया था। इसका काम चल रहा था, लेकिन करीब एक महीना पहले कोरोना के चलते लॉकडाउन के कारण पुल का कार्य रोकना पड़ा था। उधर, लोक निर्माण विभाग चंबा के अधिशासी अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रशासन की अनुमति मिलने के बाद पुल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। इस साल अंत तक कार्य को पूरा करने के प्रयास किए जाएंगे।