सीएम ने उम्मीद जताई है कि नया मामला नहीं आया तो तीन मई के बाद हिमाचल कोरोना मुक्त हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 40 में से अब 10 कोरोना पाजिटिव मरीज हैं। 25 स्वस्थ होकर घर चले गए हैं। चार व्यक्ति प्रदेश से बाहर इलाज करवा रहे हैं जबकि एक व्यक्ति का देहांत हो चुका है। सीएम ने कहा कि बीते पांच दिनों से कोई भी नया मामला सामने नहीं आया है।
हिमाचल में कोरोना वायरस का जांच अनुपात सबसे ज्यादा
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पीएम से वीडियो कांफ्रेंस पर मुख्यमंत्रियों की बैठक में कहा कि राज्य में जांच अनुपात 700 प्रति 10 लाख व्यक्ति है, जो देश में सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान एक विशेष अभियान है, जिसमें 70 लाख लोगों की इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारी जांचने को 16 हजार कर्मचारियों के दल की ओर से जांच की जा चुकी है। इस काम में आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पैरा मेडिकल स्टाफ और पुलिस कर्मचारी शामिल हैं।
वहीं, राजस्थान के कोटा से लौटे सभी विद्यार्थियों के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। इन्हें अब घर भेजा जाएगा। इन विद्यार्थियों को लेने गए अतिरिक्त निदेशक सुनील शर्मा और चालकों को क्वारंटीन किया गया है। उधर, आईसीएमआर ने नेरचौक मेडिकल कॉलेज में कोरोना टेस्ट की जांच करवाने को मंजूरी दे दी है।
मंगलवार से कॉलेज में टेस्ट की जांच होनी शुरू हो जाएगी। अतिरिक्त मुख्य सचिव आरडी धीमान ने कहा कि अभी आईजीएमसी शिमला, टांडा, कसौली और पालमपुर में कोरोना सैंपल की जांच हो रही है। अब नेरचौक मेंभी टेस्ट की जांच होने से लोगों के ज्यादा से ज्यादा सैंपल लिए जा सकेंगे।