चंडीगढ़ से हमीरपुर के नादौन पहुंचे लोगों की जांच करते पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
नूरपुर उपमंडल में साथ लगते पड़ोसी राज्य पंजाब से प्रवेश करने वालों का ब्यौरा अब ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा। उपमंडल के पंजाब के साथ लगते कंडवाल बॉर्डर के अलावा वक्तपुर और औंद चेक पोस्ट पर ऑनलाइन डाटा एंट्री की व्यवस्था की गई है। इन रास्तों से जिला में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति तथा वाहन का अब ऑनलाइन ब्यौरा दर्ज किया जाएगा। एसडीएम नूरपुर डॉ. सुरेंद्र ठाकुर ने रविवार को कंडवाल बैरियर का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने तैनात स्टाफ से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बैरियर पर तैनात डॉक्टरों तथा अन्य स्टाफ व पुलिस कर्मियों को कोविड-19 की जंग में उनके योगदान के लिए फूल देकर सम्मानित भी किया। एसडीएम ने बताया कि ऑनलाइन डाटा एंट्री के लिए अब पुलिस के अलावा 27 महिला तथा पुरुष पटवारियों की टीमों को कंडवाल बॉर्डर पर नियुक्त किया गया है। इन सभी कर्मियों की तैनाती रोटेशन में 24 घंटे रहेगी। एक समय में तीन सदस्यों की टीम बारी-बारी से इस कार्य को देखेगी, जबकि वक़्तपुर तथा औंद चेक पोस्ट पर पुलिस टीम ही ऑनलाइन ब्यौरा दर्ज करने का कार्य करेगी।
एसडीएम ने बताया कि कंडवाल बॉर्डर पर तीन आयुर्वेदिक डॉक्टरों सहित तीन फार्मासिस्ट को तैनात किया गया, जो प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति की कोविड-19 संबंधी थर्मल स्क्रीनिंग सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने बताया कि अन्य राज्यों तथा जिलों से अपने-अपने घर पहुंचे जिन लोगों को 28 दिनों तक अपने घरों में रहने की सलाह दी गई है, उन्हें होम क्वारंटीन नियमों का पालन करना जरूरी होगा। पुलिस तथा प्रशासन उनकी हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रहा है।