शिमला। शहर से सटे वन क्षेत्रों में हो रही अवैध डंपिंग और उखड़े पेड़ों को हटाने को लेकर नगर निगम ने कड़ा रुख अपनाया है। महापौर सुरेंद्र चौहान ने इसको लेकर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) को पत्र लिखकर तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
विज्ञापन
मेयर ने कहा कि नगर निगम की सीमा के भीतर और आसपास के वन क्षेत्रों तथा प्राकृतिक नालों में मलबा तथा खोदाई की मिट्टी अवैध रूप से डंप की जा रही है। मई 2025 में इसको लेकर पत्र लिखा था लेकिन समस्या अब भी बनी हुई है। महापौर ने बताया कि अवैध डंपिंग के कारण जंगलों को नुकसान पहुंच रहा है और प्राकृतिक जल निकासी व्यवस्था बाधित हो रही है। इससे भूस्खलन का खतरा हो सकता है। समरहिल, नवबहार, अन्नाडेल और आसपास के क्षेत्रों में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। संवाद