नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री
- फोटो : अमर उजाला
विधानसभा परिसर में उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री धरने पर बैठ गए। शीत सत्र शुरू होने से 15 मिनट पहले मुकेश अग्निहोत्री गेट नंबर एक से विस में प्रवेश कर रहे थे कि पुलिस ने उनकी गाड़ी रोक दी। मुकेश के विरोध करने पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्य एकत्र हो गए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर स्वयं गेट नंबर एक पर पहुंचे और उन्हें मनाकर अपने साथ विधानसभा के भीतर ले गए। करीब 15 मिनट तक नेता प्रतिपक्ष और पुलिस के बीच बहस होती रही।
यह घटना करीब डेढ़ बजे की है। मुकेश ने पुलिस से गेट नंबर एक से भीतर जाने की बात कही। मौके पर तैनात पुलिस ने रोक दिया और कहा कि इस गेट से सिर्फ राज्यपाल, मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के जाने की व्यवस्था है। इस पर नेता प्रतिपक्ष नाराज हो गए। उन्होंने गेट के सामने गाड़ी टेढ़ी लगा दी। करीब 15 मिनट तक जाम लगने के बाद मुख्यमंत्री को आना पड़ा।
मुकेश के धरने पर बैठने के बाद नए आदेश जारी
नेता प्रतिपक्ष के धरने पर बैठने के बाद विस अध्यक्ष ने सत्र शुरू होने से पहले निर्देश जारी किए कि गेट नंबर एक से अब विधायक विधानसभा में प्रवेश करेंगे।एसएसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन ने कहा कि शीतकालीन सत्र से पहले विधानसभा सचिव के साथ पुलिस विभाग की बैठक हुई थी। इसमें गेट नंबर- 1 से सिर्फ राज्यपाल, सीएम, विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को ही प्रवेश की अनुमति थी। अब नए आदेश पारित किए गए हैं। अब विधानसभा के सभी सदस्य गेट नंबर एक से प्रवेश करेंगे।