हिमाचल के कुल्लू जिले में बजौरा के समीप रूआडू में केरोसिन के दीये से घर में भड़की आग में झुलसकर एक वृद्धा की मौत हो गई। महिला लकड़ी के बने पुराने कमरे में रहती थी जबकि दोनों बेटे अलग रहते हैं। कमरे में बिजली न होने के कारण टिकमू देवी (65) ने शनिवार रात को केरोसिन का दीया जलाया था।
घटना बीते शनिवार रात की है। बताया जा रहा है कि दीया नीचे गिरने के कारण केरोसिन कपड़ों में फैल गया, जिससे आग भड़क गई। धुआं उठता देख आसपास के लोग वृद्धा की मदद को पहुंचे और कुल्लू अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज नेरचौक के लिए रेफर कर दिया। मंडी ले जाते समय पंडोह के पास वृद्धा ने दम तोड़ दिया।
पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण दीये के गिरने से कमरे में फैली आग है। फिर भी पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में सीआरपीसी 174 के तहत कार्रवाई की जा रही है।