शिक्षा विभाग ने चरस तस्करी से जुड़े मामले में विभागीय जांच में दोषी पाए गए एक लैब अटेंडेंट को सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया है। उपनिदेशक उच्च शिक्षा (माध्यमिक) मंडी ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सेरी चेहटीगढ़ में कार्यरत लैब अटेंडेंट महेश्वर सिंह को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटाने के निर्देश दिए हैं। जांच अधिकारी की रिपोर्ट में पाया गया कि कर्मचारी छह फरवरी से 10 फरवरी 2025 तक पुलिस हिरासत और 10 फरवरी से 28 मई 2025 तक न्यायिक हिरासत में रहा। उसके खिलाफ पुलिस जिला नूरपुर में दर्ज एफआईआर संख्या 162/2024 में एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं के तहत चरस की अवैध तस्करी, परिवहन और वित्तपोषण जैसे गंभीर आरोप हैं।