बंजार-तीर्थन सड़क अवरुद्ध।
- फोटो : संवाद
एसपी साक्षी वर्मा ने कहा कि कुल्लू-पंडोह व बजौरा-कमांद सड़कें भारी बारिश और भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसलिए ये दोनों मार्ग यातायात के लिए बहाल नहीं है। संबंधित विभाग मार्गों की मरम्मत और यातायात बहाल करने के लिए दिन-रात युद्ध स्तर पर काम कर रहे हैं। आम जनता से आग्रह है कि जब तक कुल्लू-मंड़ी मार्ग सुचारू रूप से यातायात के लिए बहाल नहीं हो जाता तब तक मंडी की ओर यात्रा न करें। मार्ग खुलने की सूचना पुलिस की ओर से जारी की जाएगी।
25 वाहन सब्जियों से भरे हाईवे-305 से निकाले
जिला कुल्लू के बजौरा और झीड़ी में फंसी सब्जियों की गाड़ियों को अब एनएच- 305 से निकालने की कोशिश की जा रही है। शुक्रवार देर शाम तक करीब 25 गाड़ियों को निकालने की सूचना है। लाहौल से जिला परिषद सदस्य कुंगा बौद्ध ने बताया कि शुक्रवार रात को कुछ और गाड़ियां हाईवे 305 से होकर दिल्ली और अन्य मंडियों के रवाना हो सकती हैं। बता दें कि कुल्लू में फंसी अधिकतर सब्जियों की गाडि़यां लाहौल की है। तीन दिनों से फंसी होने से सब्जियां खराब हो रही हैं। ऐसे में कई व्यापारियों ने मनाली से लेकर कुल्लू तक लोगों को निशुल्क फूलगोभी वितरित की है।
पंडोह के पास कैंची मोड़ के पास धंस रही पहाड़ी। इससे आवाजाही बंद हो गई है।
- फोटो : संवाद
उपमंडल बंजार में भारी वर्षा के चलते 24 अगस्त को देर शाम गड़ोल नाम स्थान पर भूस्खलन हुआ। इससे बंजार-तीर्थन सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गई। यह सड़क 26 घंटे बीत जाने के बाद भी आवाजाही के लिए नहीं खुल पाई है। सड़क पर पहाड़ी से बड़ी चट्टानें गिरी हैं, जिन्हें हटाने में लोक निर्माण विभाग को मशक्कत करनी पड़ रही है।
सड़क बंद रहने से लोगों को आवश्यक कामकाज निपटाने के लिए पैदल ही अपने गंतव्य की ओर निकलना पड़ रहा है। किसानों-बागवानों की मुश्किलें भी सड़क बंद होने से बढ़ी हैं। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता कीर्तिमान ठाकुर ने कहा कि सड़क बहाल करने के लिए विभागीय मशीनरी काम पर लगाई गई है। चट्टानें बड़ी होने के कारण बहाली के कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।