दो से छह जनवरी तक मनाए जाने मनाली के राष्ट्रीय विंटर कार्निवाल में इस बार बाहरी राज्यों के सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुति नहीं दे सकेंगे। हालांकि विंटर कार्निवाल में अपने राज्य की संस्कृति को पेश करने के लिए करीब 25 से अधिक राज्यों के सांस्कृतिक दलों ने आवेदन किया था।
देश में ओमिक्रोन के केस आने से विंटर कार्निवाल कमेटी मनाली में एहतियातन के तौर पर सभी दलों को बुलावा पत्र नहीं दिया है। ऐसे में कार्निवाल में मात्र हिमाचल के गायक व अन्य प्रतिभागी ही नजर आएंगे। कार्निवाल में इस बार सैलानी कुल्लू के साथ हिमाचल की समृद्ध संस्कृति से रूबरू होंगे। एसडीएम मनाली सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि कोरोना के कारण विंटर कार्निवाल का स्तर कुछ छोटा कर दिया है।
इसके बावजूद कार्निवाल में कार्निवाल क्वीन, वॉयस ऑफ कार्निवाल, मालरोड में महिला मंडलों की नाटी सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। लेकिन कोरोना के चलते बाहरी राज्यों के सांस्कृतिक दलों व अन्य कलाकारों को नहीं बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि कार्निवाल को लेकर सभी तरह की तैयारियों को पूरा कर दिया गया है।