कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर की शिकायत सहित अन्य तीन शिकायतों की रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। राठौर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना का सरकारी कर्मचारियों द्वारा गुणगान करने संबंधी आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से इसकी तफ्तीश करने संबंधी शिकायत की थी।
जांच में राठौर के आरोप निराधार पाए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी चंबा हरिकेश मीणा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि इस संदर्भ में मुख्य चुनाव आयुक्त को रिपोर्ट भेज दी गई है।
उधर, कबायली क्षेत्र पांगी से आरटीआई के अध्यक्ष द्वारा दो सरकारी कर्मचारियों द्वारा सरकारी योजनाओं का गुणगान करने संबंधी शिकायत की थी। इसके अलावा सरकारी योजनाओं का लाभ लिए जाने संबंधी एक अन्य शिकायत भी पहुंची थी।
इन सभी शिकायतों की जिला निर्वाचन आयोग द्वारा गहनता से तफ्तीश करने का जिम्मा संबंधित परिक्षेत्र के एसडीएम को सौंपा गया। एसडीएम द्वारा तफ्तीश के बाद शिकायतों को निराधार पाया गया है।