रेस्क्यू में जुटे एनडीआरएफ के जवान।
- फोटो : अमर उजाला
किन्नौर जिले की निगुलसरी में नेशनल हाईवे पर हुए भयानक भूस्खलन में निकटवर्ती देहलां गांव के दो युवकों के घायल होने की खबर है। जबकि, इनके साथ गया तीसरा युवक लापता है। बताया गया है कि तीनों युवक 9 अगस्त दोपहर को लापता हुए युवक का जन्म दिन मनाने के लिए शिमला गए थे।
शिमला से वे किन्नौर की तरफ घूमने चले गए। बुधवार को किन्नौर जिले के निकट निगुलसरी में नेशनल हाईवे पर जबरदस्त भूस्खलन होने से एक बस समेत कई वाहन उसकी चपेट में आए हैं। देहलां गांव के दोनों घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना मिल चुकी है।
वे तीनों के सकुशल घर लौटने की परमात्मा से दुआ कर रहे हैं। वरुण मेनन पुत्र सतीश चंद्र, प्रशांत पुत्र तिलक राज तथा बलराम सन्नी पुत्र सुरेश कुमार तीनों अपनी गाड़ी से शिमला के लिए निकले थे।
बलराम उर्फ सन्नी का जन्म दिन मनाने के लिए शिमला गए इन तीनों में से एक युवक सन्नी से परिजनों का संपर्क नहीं हो पा रहा है। वरुण मेनन ने हादसे के बाद अपने परिजनों से बातचीत भी की है। वरुण मेनन की माता शशि मेनन ने बताया कि उनके बेटे से बात हुई है और वह ठीक है।