आईपीएल में धर्मशाला स्टेडियम को वेन्यू बनाने को लेकर किंग्स इलेवन पंजाब ने बयान जारी किया है। बयान में किंग्स इलेवन पंजाब ने कहा है कि उसने मई माह में तीन मैचों के लिए धर्मशाला स्टेडियम को अपना दूसरा घरेलू मैदान चुना है।
उसे घरेलू मैदान धर्मशाला में तीन मैच खेलने की खुशी होगी। इसके लिए किंग्स इलेवन ने एचपीसीए के सहयोग के लिए भी आभार जताया है। टीम ने कहा है कि एचपीसीए ने कम समय में बदलाव कर हमारा सहयोग किया।
सूत्रों के अनुसार किंग्स इलेवन पंजाब की टीम 7 मई को दिल्ली डेयरडेविल्स, 9 को रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु और 15 मई को सनराइज हैदराबाद के साथ धर्मशाला स्टेडियम में मैच खेलेगी। गौरतलब है कि कोर्ट ने महाराष्ट्र में सूखे के चलते आईपीएल के मैच दूसरी जगह स्थानांतरित करने का आदेश दिया था।
इसी के चलते 30 अप्रैल के बाद मुंबई, नागपुर, पुणे में आईपीएल मैच नहीं हो रहे हैं। इसके कारण मुंबई इंडियंस को जयपुर, राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स को विशाखापटनम को घरेलू मैदान बनाना पड़ा।
वहीं, अब किंग्स इलेवन ने धर्मशाला को अपना दूसरा घरेलू मैदान बनाया है। एचपीसीए प्रवक्ता संजय शर्मा ने कहा कि उन्हें इस बदलाव के बारे कोई भी आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। लेकिन आईपीएल की मेजबानी के लिए एचपीसीए पूरी तरह तैयार है।