केसीसी बैंक के चेयरमैन कुलदीप पठानिया
- फोटो : अमर उजाला
कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक जब लाभ की स्थिति में आएगा, उसके बाद खाली चल रहे करीब 400 पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू होगी। यह बात गुरुवार को परिधि गृह हमीरपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में केसीसी बैंक के नवनियुक्त चेयरमैन कुलदीप पठानिया ने बैंक की वित्तीय स्थिति की जानकारी देते हुए कही। केसीबीबी बैंक के एनपीए को लेकर पूछे सवाल पर उन्होंने ने कहा कि इसमें आठ फीसदी की कमी आई है। वर्तमान में बैंक का एनपीए 32 से 24 फीसदी हुआ है, जो कि अच्छे संकेत हैं। हमने और भी योजना बनाई, जिसमें एनपीए को और कम करके बैंक को लाभ में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लिपकीय स्टाफ समेत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के बैंक में सैकड़ों पद खाली चले हुए हैं, लेकिन अभी प्रबंधन इन पदों को भरने की स्थिति में नहीं है।
इस पर 31 मार्च के बाद वित्तीय स्थिति देखने पर ही निर्णय लिया जाएगा। पठानिया ने कहा कि केसीसी बैंक में नियमों के विपरीत ऋण आवंटन के मामलों की छानबीन के लिए जांच एजेंसियां काम कर रही हैं। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बड़े ही सुनियोजित तरीके से स्थानीय और सरकारी बैंकों का अस्तित्व धीरे-धीरे खत्म कर रही है। इसका जीता जागता उदाहरण यह है कि केंद्र सरकार ने पिछले दो साल से स्कूलों के सारे खाते प्राइवेट घरानों के बड़े बैंकों में शिफ्ट करवा दिए हैं। ये वे बैंक हैं जिनकी शाखाएं केवल जिला
मुख्यालयों या फिर शहरों में ही होती हैं। हमीरपुर जिले में भी इस निजी बैंक की केवल तीन शाखाएं हैं। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि प्राइवेट बैंकों में शिक्षण संस्थानों के खाते ट्रांसफर करने से ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में चल रहे स्कूलों के शिक्षकों का पूरा-पूरा दिन बैंकों तक पहुंचने में ही लग जाता है, जबकि पूर्व में स्कूलों के खाते आसपास की सहकारी बैंक या फिर अन्य राष्ट्रीयकृत बैंकों की शाखाओं में ही खोले जाते थे। इस तरह खाते शिफ्ट करने से इन सहकारी बैंकों का अस्तित्व खतरे में है।
सरकार की ओर से बंद किए गए जनमंच कार्यक्रम पर विपक्ष के आरोपों पर पठानिया ने कहा कि इन जनमंचों में अफसरों को डराया-धमकाया और जनता के बीच बेइज्जत किया जाता था। कुछ चिह्नित लोगों के सवाल ही इन जनमंचों में लिए जाते थे, इसलिए इसे बंद करना जरूरी था। उन्होंने कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार ने अपने 100 दिन में बेहतरीन कार्य कर जनता में विश्वास पैदा किया है। कांग्रेस की दस गारंटियों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटियाल, सुमन भारती, राजेश चौधरी, करतार चंद डोगरा समेत अन्य मौजूद रहे।