राजधानी में बिग शिमला कार्निवाल के मौके पर अपने कॉमेडी शो फेकबुक विद कविता को प्रमोट करने शिमला पहुंची कविता कौशिक ने हिल्स क्वीन की खूब तारीफ की। कविता कौशिक कई टीवी धारावाहिकों में काम कर चुकी हैं। अब वह फेकबुक विद कविता शो के जरिये को लोगों को गुदगुदाएगी।
यह शो समाज में बढ़ते ढकोसलों को दर्शकों के समक्ष हास्य व्यंग के तड़के के साथ परोसेगा। रिज स्थित आशियाना हाल में सोमवार को प्रेस से बात करते हुए कविता ने कहा कि फेकबुक विद कविता में विभिन्न प्रासंगिक मुद्दों पर भारतीय संस्कृति और ढोंग ढकोसलों पर कटाक्ष है।
इसका प्रसारण बिग मैजिक और बिग एफएम पर होगा। एफआईआर नाटक में चंद्रमुखी के किरदार से वाहवाही बटोरने वाली कविता की अदाकारी का हर कोई कायल है। उन्होंने कहा कि मुझे इस शो से जुड़कर खुशी है। शो ढोंग पूर्ण समाज पर एक व्यंग्य है। इसमें कॉमेडी का तड़का लगाया गया है।
प्रेस से बात करते हुए उन्होंने कहा कि शिमला एक बहुत खूबसूरत शहर है। मुंबई से यह बिल्कुल अलग है। यहां रहकर किसी भी व्यक्ति के मन को संतोष मिल सकता है। यहां के लोग भी खूबसूरत और साधारण हैं। आमतौर पर ऐसे लोग और शहरों में देखने को नहीं मिलते।
चुनौती पूर्ण होगा कविता का यह शो
आज तक कविता कौशिक ने नाटकों में दबंग के किरदार की ही भूमिका में काम किया है जिस पर वो खरी भी उतरी हैं। एफआईआर नाटक में चंद्रमुखी के किरदार को लोगों ने बहुत पसंद किया है। पहली बार उन्होंने हास्य नाटक में एक हास्य भूमिका का किरदार निभाया है। यह देखने योग्य होगा की इस शो में दर्शक उनके किरदारों को कितना पसंद करते हैं।