लोक निर्माण विभाग कर रहा बहुमंजिला परिसर का निर्माण, 320 के करीब वाहन खड़े करने के मिलेगी सुविधा
विज्ञापन
18.5 करोड़ रुपये पहुंच गई है परियोजना की लागत अमर उजाला ब्यूरो शिमला। कसुम्पटी के एसडीए कांप्लेक्स में अगले महीने से लोगों को बहुमंजिला पार्किंग की सौगात मिल जाएगी। पार्किंग में करीब 320 वाहन खड़े करने की क्षमता है।
स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बन रही पार्किंग का कार्य अंतिम चरण का काम चल रहा है। लोक निर्माण विभाग के मुताबिक कार्य पूरा होते ही परिसर को संबंधित विभाग के सुपुर्द कर दिया जाएगा। कसुम्पटी के एसडीएम कांप्लेक्स में बहुमंजिला पार्किंग बनने से प्रदेशभर से यहां सरकारी कार्यालयों में कामकाज के सिलसिले में आने वाले हजारों लोगों को राहत मिलेगी। सड़कों के किनारे बेतरतीब पार्किंग से लगने वाले ट्रैफिक जाम से भी निजात मिल सकेेगी। चार मंजिला पार्किंग के निर्माण की लागत करीब 18.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। वर्तमान में पार्किंग परिसर की फिनिशिंग का काम चल रहा है। हालांकि बरसात के मौसम में लगातार होने वाली बारिश के कारण कुछ समय के लिए कार्य जरूर प्रभावित हुआ लेकिन मौसम खुलने के बाद निर्माण कार्य ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है।
विज्ञापन
वर्ष 2022 में शुरू हुआ था कार्य लोक निर्माण विभाग ने वर्ष 2022 में बहुमंजिला पार्किंग परिसर का निर्माण कार्य शुरू किया था। इसका मकसद क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही पार्किंग की समस्या से निजात दिलाना है। एसडीएम कांप्लेक्स में स्वास्थ्य, स्मार्ट सिटी, हिमुडा और राजस्व विभाग, आयकर विभाग समेत विभिन्न सरकारी कार्यालय हैं। इस वजह से यहां हजारों की संख्या में लोगों का आना-जाना लगा रहता है। पार्किंग के अभाव में लोग सड़कों के किनारे वाहनों को खड़ा कर देते हैं। इस वजह से विकासनगर-एसडीए कांप्लेक्स-कुसम्पटी मार्ग पर लोगों को हर रोज ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है। बहुमंजिला पार्किंग की सुविधा मिलने के बाद प्रदेशभर से आने वाले अपने वाहनों को यहां पार्क कर सकेंगे।
कोट
कसुम्पटी के एसडीए कांप्लेक्स में निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। मौसम खुलते ही युद्ध स्तर पर काम को शुरू कर दिया है। इस पार्किंग परिसर में करीब सवा तीन सौ वाहनों को पार्क करने की सुविधा मिलेगी। -नवीन कौंडल, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग