रॉकी ने विधानसभा चुनाव से 10 दिन पहले थामा था कांग्रेस का हाथ
कसौली थाने में गैंगरेप केस में नामजद प्रदेश सरकार के पूर्व पब्लिसिटी एडवाइजर रॉकी मित्तल ने वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रचार में गाना गाने शुरू किए थे। इसके बाद केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल से दूरियां बढ़ने के बाद भाजपा में वह असहज महसूस कर रहे थे। रॉकी ने हरियाणा में विधानसभा चुनाव की घोषणा से महज 10 दिन पहले ही भाजपा को अलविदा कह दिया। रॉकी कैथल से चुनाव लड़ रहे रणदीप सुरजेवाला के बेटे आदित्य सुरजेवाला के मंच पर आए। वह 26 अगस्त 2024 को कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस में शामिल होते हुए रॉकी ने ठोकर मैंने खाई, राहुल मेरे भाई। मुझे माफ करना, राहुल मेरे भाई। नफरत फैलाई सबने, तूने मिटाई। मुझे माफ करना राहुल मेरे भाई गाकर राहुल गांधी से माफी भी मांगी। वर्ष 2015 में रॉकी मित्तल का जज से दुर्व्यवहार का मामला भी सामने आया था। आरोप था कि कैथल-जींद रोड बाइपास पर मित्तल की जज की गाड़ी को लेकर बहस हुई। उसने जज की गाड़ी से नीली बत्ती उत्तार उनपर हमला किया था। पुलिस ने इस मामले में रॉकी पर केस दर्ज किया था। बाद में मित्तल को जमानत पर रिहा कर दिया गया था।
बड़ौली को प्रदेशाध्यक्ष पद से हटाने के लिए भाजपा नेताओं की साजिश : रॉकी
रॉकी मित्तल ने आरोप लगाया कि यह भाजपा नेताओं की साजिश है। मोहन लाल बड़ौली को प्रदेशाध्यक्ष पद से हटाने के लिए षड्यंत्र रचा गया है। मुझे जानबूझकर इसमें लपेटा जा रहा है। सभी के नार्को टेस्ट होने चाहिए और इस मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए। हम कसौली चार लोग गए थे। इसमें मोहन लाल बड़ौली के दो दोस्त भी शामिल थे। मैं तो पहले ही भाजपा छोड़ चुका हूं, न तो मैं किसी लड़की को जानता हूं और न ही ऐसी कोई घटना मेरे सामने हुई है।