कांगड़ा सहकारी बैंक लिमिटेड नई दिल्ली के अध्यक्ष लक्ष्मी दास ने बताया कि महानगरों में कुछ सालों से बुजुर्ग माता-पिता को त्यागने और प्रताड़ित करने की घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि देखने को मिल रही है।
कांगड़ा सहकारी बैंक लिमिटेड ने संतान की ओर से त्यागे और प्रताड़ित बजुर्गों की मदद के लिए ऋण योजना शुरू की है। इसकी घोषणा कांगड़ा सहकारी बैंक लिमिटेड नई दिल्ली के अध्यक्ष लक्ष्मी दास ने तालकटोरा स्टेडियम में बैंक की वार्षिक आम सभा में की। उन्होंने बताया कि महानगरों में कुछ सालों से बुजुर्ग माता-पिता को त्यागने और प्रताड़ित करने की घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि देखने को मिल रही है। उम्र के अंतिम पड़ाव में बजुर्ग लोगों को खाने और दवाई जैसी जरूरतों के लिए संघर्ष करना पड़ता है, क्योंकि मां-बाप अपने जीवन भर की जमा-पूंजी बच्चों के कॅरिअर, शिक्षा और विवाह आदि पर खर्च कर देते हैं।
विज्ञापन
कई बच्चे बाद में उनसे किनारा कर लेते हैं। लक्ष्मी दास ने बताया कि यह योजना बैंक के सदस्यों के लिए लागू की गई है, जिसके अंतर्गत ऐसे बजुर्गों को अपनी चल, अचल संपत्ति जैसे मकान, फ्लैट, जेवर, प्लाट आदि को गिरवी रखकर बैंक उनकी जरूरतों के अनुरूप ऋण सुविधा प्रदान करेगा। लक्ष्मी दास ने बताया कि यह योजना इसलिए शुरू की गई है, जिससे बुजुर्ग सम्मानजनक जीवनयापन कर सकें। उपाध्यक्ष आरके शर्मा ने बताया कि बैंक से ऋण लेने बाले सभी सदस्यों को बीमा कवर प्रदान किया जाएगा।