कंडाघाट के स्टेशन मास्टर उतान पाल सिंह नेगी ने बताया कि रेलगाड़ी के आगे बछड़ा आ गया था, जिस कारण आपात ब्रेक मारने से एक डिब्बे के दो टायर पटरी से उतर गए। इससे सवारियों को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
कालका-शिमला रेललाइन पर शिमला जा रही अपवर्क मेन ट्रेन सोमवार दोपहर करीब 12 बजे कंडाघाट रेलवे स्टेशन के समीप पटरी से उतर गई। यह रेलगाड़ी कंडाघाट रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाली थी कि अचानक इसके आगे एक बछड़ा आ गया। चालक ने उसे बचाने के लिए आपात ब्रेक लगाई। इससे रेल का एक डिब्बा पटरी से उतर गया।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही स्थानीय रेल अधिकारियों समेत अंबाला से तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। दोपहर बाद करीब 3.25 बजे ट्रेन का रूट बहाल किया गया। उसके बाद रेलगाड़ियां शिमला के लिए जा पाईं। उधर, कंडाघाट के स्टेशन मास्टर उतान पाल सिंह नेगी ने बताया कि रेलगाड़ी के आगे बछड़ा आ गया था, जिस कारण आपात ब्रेक मारने से एक डिब्बे के दो टायर पटरी से उतर गए। इससे सवारियों को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
कंडाघाट से चार बसों में भेजे 179 यात्री
रेलगाड़ी के पटरी से उतरने के कारण कालका जाने वाली एक रेलगाड़ी कंडाघाट स्टेशन पर खड़ी रही। इसमें 179 यात्री सवार थे। इन्हें विभाग ने चार बसों के माध्यम से उनके गंतव्य तक भेजा। एक अन्य रेल कार जो 14 यात्री को लेकर शिमला से कालका की ओर जा रही थी उसे कैथलीघाट रेलवे स्टेशन पर रोक लिया गया।
विज्ञापन
इसके सभी यात्रियों को दो टैक्सियों से उनके कालका भेजा गया। अन्य ट्रेनों को पटरी बाधित रहने तक सोलन और शिमला से नहीं भेजा गया। विभाग ने रेलगाड़ी के डिब्बे को पटरी पर लाकर शाम 3.25 बजे शिमला के लिए रवाना किया।