जरनल डिब्बों में खड़े-खड़े शिमला पहुंच रहे सैलानी संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। विश्व धरोहर कालका-शिमला हेरिटेज ट्रैक पर 15 फरवरी तक सभी ट्रेनें पैक हो गई हैं। वीकेंड पर अप और डाउन में ट्रेनें पैक चल रही हैं।
शिमला का मौसम बाहरी राज्यों के सैलानियों को आकर्षित कर रहा है। वहीं बर्फबारी होने के बाद सैलानियों की संख्या बढ़ गई है। कुछेक सैलानी तो कालका से जरनल डिब्बों में टिकट लेने के बाद भी खड़े-खड़े सफर कर शिमला पहुंच रहे हैं। ट्रेनों का किराया कम होने से अधिकतर लोग रेल मार्ग के माध्यम से शिमला आने को प्राथमिकता देते हैं। लेकिन भीड़ ज्यादा होने से टिकट की बुकिंग के लिए भी लंबी वेटिंग चल रही है।
रेलवे की ओर से कालका-शिमला ट्रैक पर छह ट्रेनें चलाई जा रही हैं। मंगलवार को भी सभी ट्रेनें पैक होकर शिमला रेलवे स्टेशन पहुंचीं। इनमें ज्यादातर बंगाल, गुजरात, गोवा और महाराष्ट्र से सैलानी शिमला आ रहे हैं। 15 फरवरी तक शिवालिक डीलक्स एक्सप्रेस ट्रेन 52451 में 17, हिमालयन क्वीन 52455 में 39, कालका शिमला एक्सप्रेस 52459 में 8, कालका शिमला एक्सप्रेस 52457 में 1, कालका शिमला एक्सप्रेस 52453 में 31 और कालका शिमला स्पेशल 04503 में 4 वेटिंग चल रही है। इन दिनों सबसे ज्यादा क्रेज कालका-शिमला हेरिटेज ट्रैक पर दौड़ने वाली छुक-छुक चलती ट्रेन का रहता है। यह ट्रेन 103 सुरंगों से होकर गुजरती है। इसके अलावा इस ट्रैक पर छोटे बड़े 969 पुल हैं।