शिकायत के बाद महापौर ने किया निरीक्षण
चालकों-परिचालकों को दिए सफाई करवाने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के टुटीकंडी और फागली समेत आसपास की पहाड़ियां कूड़े से भरनी शुरू हो गई हैं। पहाड़ियों पर पानी और जूस की बोतलें तथा चिप्स के खाली रैपर बिखरे हुए हैं। शिकायत मिलने के बाद महापौर सुरेंद्र चौहान ने दोपहर बाद टुटीकंडी आईएसबीटी, क्राॅसिंग, फागली क्षेत्र का निरीक्षण किया। इसमें पाया गया कि शहर की पहाड़ियां कूड़े के ढेर से भरी हुई हैं। स्थिति यही रही तो आने वाले दिनों में भरयाल जैसे हाल हो जाएंगे। सफर करने वाले यात्री बसों में खाद्य पदार्थ खाने के बाद बसों से उतरने के बाद खाली पैकेट यहां-वहां फेंक रहे हैं। लोअर हिमाचल या चंडीगढ़ तथा सोलन से आने वाली बसें भी आईएसबीटी से आगे जाकर जहां खड़ी होती हैं, चालक-परिचालक सफाई के दौरान इकट्ठे कचरे को यहां-वहां फेंक रहे हैं। इससे शहर कचरे के ढेर में बदल रहा है। इससे न केवल पर्यावरण को नुकसान हो रहा है, बल्कि स्वच्छता को लेकर भी शहर की छवि खराब हो रही है। मेयर ने काउंटरों पर बसों के चालकों और परिचालकों के अलावा यहां पर सामान बेचने वाले वेंडरों को स्वच्छता को लेकर निर्देश जारी किए। इसके अलावा वेंडरों को डस्टबिन रखने के निर्देश दिए हैं। महापौर सुरेंद्र चौहान ने बताया कि वह इस बारे में एचआरटीसी और निजी ऑपरेटरों से बात करेंगे। इससे शहर में सफाई व्यवस्था बेहतर बनी रहें।