फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विपक्षी दलों के संसदीय बोर्डों में चाचा, ताया और परिवार के ही लोग: नड्डा

Thu, 18 Feb 2021 06:20 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, धर्मशाला
विज्ञापन
 भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

 भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने धर्मशाला से विपक्ष पर तीखा हमला बोला। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि भाजपा के अलावा देश में पीडीपी सहित सभी राजनीतिक पार्टियां एक परिवार की पार्टियां बनकर रह गई हैं। ऐसे राजनीतिक दलों को परिवार के अलावा कुछ नहीं दिखता है। इन राजनीतिक दलों के संसदीय बोर्डों में चाचा, ताया और सिर्फ परिवार के ही लोग होते हैं।

विज्ञापन


इसी वजह से कांग्रेस का आज इतना बुरा हाल हुआ है, जबकि भाजपा में पार्टी ही परिवार होता है। कार्यकर्ता खुद को खुशनसीब समझें कि वे भाजपा में आए हैं। नड्डा ने कहा कि भाजपा का विचार सांस्कृतिक राष्ट्रवाद है। उन्होंने कहा कि राजनीति ताकत से चलती है और यह ताकत है एकता की। हमें कभी भी अहम में नहीं आना चाहिए, लेकिन अति विश्वास में सुस्त भी नहीं होना चाहिए। देश में भाजपा के 18 करोड़ कार्यकर्ता हैं। कोई भी राजनीतिक दल भाजपा के मुकाबले में नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के विचार को लेकर आगे चल रही है। ‘सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास’ भाजपा का आर्थिक मॉडल है। यही वजह है कि लोग भाजपा को पसंद करते हैं। हिमाचल में पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार और प्रेम कुमार धूमल ने भी आर्थिक मॉडल बनाकर ‘सबका साथ सबका विकास’ का नारा दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश पार्टी अध्यक्ष सुरेश कश्यप, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, प्रदेश सरकार के मंत्री, पार्टी के विधायक और पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन


आत्म आकलन करें नेता और कार्यकर्ता 
नड्डा ने नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि वे आत्म आकलन जरूर करें कि उन्होंने अपने साथ पार्टी में कितने लोगों को जोड़ा। सीखने में संकोच नहीं करना चाहिए। कार्यकर्ता या नेता को अंतिम सांस तक सीखने की आवश्यकता रहती है। इसी से परिपक्वता आती है। 

देश भर में चलता है हिमाचल मॉडल 
नड्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ही नहीं, देश भर में प्रदेश का मॉडल चलता है। प्रदेश के संगठन महामंत्री पवन राणा की ओर से बनाए गए पन्ना प्रमुख मॉडल को पूरे देश भर में लागू किया जा रहा है। यह गौरव की बात है। पन्ना प्रमुख सम्मेलनों जैसी पहल कर हिमाचल प्रदेश आज अन्य राज्यों के लिए आदर्श बनकर उभरा है। अब पार्टी को बूथ स्तर पर सुदृढ़ बनाने के लिए पन्ना समिति गठित करने की आवश्यकता है।  

हिमाचली उत्पादों को प्रमोट करूंगा
जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा विदेश में हिमाचल प्रदेश की टोपी, शॉल और चंबा रुमाल आदि को प्रमोट करते हैं। इसके लिए प्रदेश सरकार को भी विशेष प्रयास करने चाहिएं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में कई देशों के राजदूतों की जो बैठक होगी, उसमें वह खुद हिमाचली उत्पादों को प्रमोट करेंगे।

ग्राम सभा से विधानसभा का संकल्प पूरा करें कार्यकर्ता

जेपी नड्डा ने कहा कि वर्ष 2022 में होने वाले प्रदेश के विधानसभा चुनाव में राज्य भाजपा के ‘ग्राम सभा से विधानसभा’ के संकल्प को पूरा करने के लिए पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को प्रतिबद्धता और निष्ठा से कार्य करना चाहिए। लॉकडाउन के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर लगभग 25 करोड़ मोदी फूड किट्स का वितरण किया गया।

उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष से सूबे के अन्य जिलों में भी भाजपा कार्यालय के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित करने का आग्रह किया। नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे राज्य और केंद्र सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाएं।
विज्ञापन

कांगड़ा एयरपोर्ट के बाहर निकला नड्डा का रोड शो

कांगड़ा एयरपोर्ट के बाहर नड्डा का रोड शो। - फोटो : अमर उजाला
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गुरुवार  को कांगड़ा पहुंचे जगत प्रकाश नड्डा का हजारों कार्यकर्ताओं ने बैंडबाजे के साथ नाच-गाकर और फूलों की बारिश कर जोरदार स्वागत किया। नड्डा सुबह 8:30 बजे गगल एयरपोर्ट पर पहुंचे। यहां पर नाश्ता करने के बाद करीब 9:30 बजे खुली जीप में एयरपोर्ट से करीब दो किलोमीटर तक आधा घंटा रोड शो निकाला गया। जीप में नड्डा के साथ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप भी मौजूद रहे। रोड शो के बाद नड्डा शीला चौक स्थित होटल के लिए रवाना हो गए।

नड्डा के एयरपोर्ट पहुंचने से पहले ही स्वागत के लिए हजारों कार्यकर्ता गगल एयरपोर्ट के बाहर जुट गए थे। यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सुबह 8:00 बजे से कार्यकर्ता एयरपोर्ट के बाहर बैंडबाजों की धुन पर नाचते रहे। गद्दी समुदाय के कुछ लोगों ने पारंपरिक पोशाक में नृत्य कर नड्डा का स्वागत किया। एयरपोर्ट पर विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार, वन मंत्री राकेश पठानिया, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी, उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर, विधायक विशाल नैहरिया सहित कई नेताओं ने नड्डा का स्वागत किया।

एयरपोर्ट के बाहर नाचे विधायक नैहरिया
नड्डा के स्वागत में गगल एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ धर्मशाला विधानसभा के विधायक विशाल नैहरिया भी बैंडबाजे पर जमकर नाचे। विधायक के साथ उनके समर्थक भी खूब झूमे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें