जेपी नड्डा ने भाजपा जिला कार्यालयों की आधारशिला रखी
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने गुरुवार को दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से भाजपा के छह संगठनात्मक जिलों नूरपुर, कांगड़ा, देहरा, पालमपुर, सुंदरनगर और कुल्लू के जिला कार्यालयों की आधारशिला रखी। प्रदेश सरकार में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने दिल्ली राष्ट्रीय कार्यालय में मुख्य अतिथि जगत प्रकाश नड्डा का स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो प्रेम कुमार धूमल, शांता कुमार और भवन निर्माण समिति के संयोजक सतपाल सिंह सत्ती वर्चुअल माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़े। इनके अलावा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप पालमपुर, केंद्रीय राज्य वित्त एवं कॉरपोरेट मंत्री अनुराग ठाकुर, उद्योग एवं परिवहन मंत्री विक्रम ठाकुर देहरा, वन मंत्री राकेश पठानिया नुरपूर, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी और सांसद किशन कपूर धर्मशाला, राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर पालमपुर, जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, सांसद रामस्वरूप शर्मा और प्रदेश महामंत्री राकेश जम्वाल सुंदरनगर और शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर कुल्लू में उपस्थित रहे।
इस शिलान्यास कार्यक्रम का मंच संचालन प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर से किया।
नड्डा के साथ पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं कार्यालय प्रभारी अरुण सिंह, हिमाचल सरकार में मंत्री वीरेंद्र कंवर और प्रदेश में कार्यालय का कार्य देख रहे रवींद्र राजू भी उपस्थित थे। उन्होंने हिमाचल प्रदेश की जनता को शक्ति उपासना के महापर्व नवरात्र की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और हिमाचल के पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रदेश कार्यालय के शिलान्यास की बधाई दी।