हिमाचली युवाओं के लिए अच्छी खबर आई है। एक साथ 2000 से अधिक पदों पर भर्ती होने वाली है। महज इंटरव्यू से ये पद भरे जाएंगे। निजी कंपनियों ने एक बार फिर आईटीआई डिप्लोमा होल्डर युवाओं के लिए रोजगार के दरवाजे खोल दिए हैं।
इसी कड़ी में उपमंडल देहरा के तहत हिमालयन आईटीआई लग बलियाना में रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। प्रिंसिपल ने दावा किया कि प्रदेश में यह एक बहुत बड़ा रोजगार मेला होगा, जिसमें करीब 2 हजार युवाओं को रोजगार दिया जाएगा।
हिमालयन आईटीआई के प्रिंसिपल संजीव धीमान ने बताया कि 20 अगस्त को मारुति सुजुकी और 21 अगस्त को अशोका लेलैंड कंपनी के प्रतिनिधि साक्षात्कार लेंगे। इसके बाद उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
इन युवाओं को मिलेगा नौकरी का मौका
उन्होंने बताया कि आईटीआई से फिटर, टर्नर, इलेक्ट्रॉनिक, वेल्डर, पेंटर, मशीनिस्ट, ऑटोमोबाइल, पीपीओ, मोटर मेकेनिक, डीजल मेकेनिक, ट्रैक्टर मेकेनिक, इंजन ऑटोमोबाइल से पास युवाओं के लिए नौकरी प्राप्त करने का मौका है।
कैंपस इंटरव्यू में हिमाचल और अन्य राज्यों के अनिवार्य योग्यता रखने वाले अन्य आईटीआई संस्थानों के छात्र भी भाग ले सकते हैं। रोजगार मेले के लिए हिमाचल सरकार के श्रम एवं रोजगार विभाग ने भी अपनी सहमति जताई है।
उनका कहना है कि सभी सरकारी एवं प्राइवेट आईटीआई के प्रिंसिपल मेले में उपस्थित होने वाले अपनी-अपनी आईटीआई के युवाओं की सूची email id-cmdthakur52222@gmail.com पर भेज सकते हैं।