पांच जनवरी से बस सेवा के लिए अवरूद्ध औट-लुहरी-सैंज हाईवे-305 बड़े वाहनों के लिए बहाल हो गया है। शुक्रवार सुबह जलोड़ी दर्रा होकर एचआरटीसी की कुल्लू से बागीपुल बस सेवा रवाना हुई। इससे बाहरी सराज की 58 पंचायतों के लोगों ने राहत की सांस ली है।
जलोड़ी दर्रा होकर कुल्लू से आधा दर्जन बसों से रूट चलते हैं। करीब तीन माह से बस सेवा के लिए बंद चल रहे हाईवे के बहाल होने से बाहरी सराज की 58 पंचायतों की सवा एक लाख जनता के साथ रामपुर, किन्नौर, कुमारसेन तथा करसोग क्षेत्रों के लोगों ने भी राहत की सांस ली है।
हालांकि, बड़ानाला से जलोड़ी दर्रा तक वाहनों के फिसलने का खतरा अभी बरकरार है। भारी बर्फबारी से हाईवे के बंद रहने से जिला मुख्यालय कुल्लू पहुंचने के लिए बाहरी सराज के लोगों को छोटे वाहनों में सफर कर भारी भरकम किराया देना पड़ रहा था। 102 किमी लंबे इस रूट पर लोगों को 500 रुपये देने पड़ रहे थे। कई लोग छोटे वाहनों के न मिलने पर मीलों पैदल चलने को मजबूर थे।
लाल चंद ठाकुर, जगदीश ठाकुर, तेज राम, रोहित साहसी, लीला प्रकाश, विनय गोस्वामी, दीवान सिंह, प्रेम सिंह, उतम सिंह, चुनी लाल, राम लाल और राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि बसों के बिना लोगों का काफी समय भी बरबाद हो रहा था।
अब निगम की बसों के चलने से लोगों को राहत मिली है। एनएच अथॉरिटी के सुपरवाइजर यशवर ठाकुर ने कहा कि शुक्रवार को कुल्लू से बागीपुल रूट की बस दर्रा होकर रवाना हुई है। अड्डा प्रभारी कुल्लू सुरेश कुमार शर्मा ने कहा कि जलोड़ी दर्रा से एचआरटीसी की बस सेवा आरंभ हो गई है। जल्द ही अन्य रूटों को भी बहाल कर लोगों को राहत दी जाएगी।