चुनावी लाभ के लिए पीएम कर रहे दुष्प्रचार : नरेश
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार को लेकर देश में दुष्प्रचार किया जा रहा है। पहले हरियाणा और अब महाराष्ट्र चुनाव में प्रधानमंत्री सहित अन्य नेता दुष्प्रचार कर रहे हैं। चुनावी लाभ लेने के लिए गलत तरीके से हिमाचल का जिक्र किया जा रहा है। प्रधानमंत्री की ओर से सोशल मीडिया पर लिखी गई पोस्ट पर एतराज जताते हुए नरेश ने कहा कि भाजपा के नेता चुनावी लाभ के लिए ओछी राजनीति कर रहे हैं। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में प्रेस वार्ता करते हुए नरेश ने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति ठीक है। वित्तीय अनुशासन के लिए सरकार कदम उठा रही है।
कर्मचारियों को प्रदेश सरकार ने दिवाली से पहले ही 28 तारीख को वेतन और पेंशन जारी कर दी। 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी पेंशनधारियों को भत्ते दे दिए हैं। नेता विपक्ष जयराम ठाकुर की भी जिम्मेवारी है कि प्रधानमंत्री को वस्तुस्थिति से अवगत करवाएं। उन्होंने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री देश के हैं या फिर पार्टी विशेष के। यदि किसी सरकार की ऐसी स्थिति हो भी तो लोकतांत्रिक प्रक्रिया में केंद्र सरकार को उस प्रदेश की मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि क्या प्राकृतिक आपदा के समय प्रधानमंत्री ने प्रदेश की कोई मदद की। कहा कि राज्य सरकार ने पांच चुनावी गारंटियां पूरी कर दी हैं। प्रदेश में कर्मचारियों को पुरानी पेंशन दी जा रही है। ओपीएस बहाली के बाद से ही प्रदेश के प्रति केंद्र सरकार का नजरिया बदल गया है।