मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि सुखविंद्र सिंह सुक्खू नादौन से चुनाव नहीं लड़ना चाह रहे। वह सुरक्षित सीट तलाश रहे हैं। सीएम देहरा से चुनाव लड़ने का मन बना रहे हैं। देहरा में भाभी जी विधायक हैं। जयराम ने कहा कि हम भाभी जी के साथ हैं। उन्हें देहरा से बेदखल नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाभी जी ने भी संकेत दे दिए हैं कि वह देहरा से ही चुनाव लड़ेंगी। नेता विपक्ष ने कहा कि जब सत्तारूढ़ कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता चुनाव के मैदान से भागने लगे हैं तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि छोटे नेताओं का क्या हाल होगा।
कांग्रेस नेताओं को जमीन नहीं मिल रही। अधिकारियों ने भी भांप लिया है कि अब सरकार जाने वाली है। अधिकारियों ने सरकार की नस पकड़ ली है और सत्ता पक्ष के भी ज्यादातर विधायक अधिकारियों से बुरी तरह त्रस्त हैं। इसका कारण सिर्फ सत्ता का संरक्षण है। कांग्रेस में खुद को बड़ा दिखाने के लिए संविधान की किताब लेकर चलने का चलन चल रहा है। कांग्रेस के सर्वे सर्वा भी इसी तरह संविधान की किताब लेकर चल रहे हैं लेकिन हमेशा संविधान की धज्जियां उड़ाते रहते हैं। इस तरीके से हिमाचल प्रदेश के नेता भी संविधान की किताब लेकर आए हैं लेकिन उन्होंने अंदर खोलकर कुछ पढ़ा नहीं है। इसीलिए ऐसे ऐसे संदर्भों का हवाला दे रहे हैं जो कहीं पर है ही नहीं।