बहुचर्चित गुड़िया दुष्कर्म और हत्याकांड से जुड़े सूरज लॉकअप हत्याकांड में आरोपी एसपी शिमला रहे डीडब्ल्यू नेगी और डीएसपी मनोज जोशी को सरकार ने नई तैनाती दे दी है। एसपी शिमला रहे डीडब्ल्यू नेगी को कमांडेंट होमगार्ड बिलासपुर और मनोज जोशी को डीएसपी 6 आईआरबीएन कोलर लगाया गया है। दोनों लंबे समय तक निलंबित रहने के बाद हाल ही में बहाल हुए थे। खास बात यह है कि यह तैनाती ऐसे समय में हुई है, जब गुड़िया के परिजनों ने आईजी जहूर जैदी, नेगी और जोशी के निलंबन वापस लेने के सरकार के फैसले पर नाराजगी जताई थी।
दो दिन पहले परिजनों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मुलाकात कर जांच पर असंतोष जताते हुए सीबीआई जांच पर सवाल और हिमाचल पुलिस पर सूरज हत्याकांड के जरिये साक्ष्यों को मिटाने का आरोप लगाते हुए न्यायिक जांच की मांग की थी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव व डीजीपी से परिजनों की मांग पर राय मांगने की बात कही थी। इस बयान के अगले ही दिन शनिवार को नेगी और जोशी की तैनाती के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
नेगी और जोशी के अलावा डीएसपी एलआर पीएचक्यू हेमंत कुमार को डीएसपी मुख्यालय केलांग व विजिलेंस ब्यूरो केलांग की दोहरी जिम्मेदारी, एसडीपीओ भावानगर अमर सिंह ने डीएसपी लीगल एजेंसी रोड सेफ्टी सेल परिवहन निदेशालय, डीएसपी एलआर पीएचक्यू राजू को एसडीपीओ भावानगर, डीएसपी अनिल कुमार -6 को डीएसपी 6 आईआरबीएन कोलर, डीएसपी 1 एचपीएपी जुंगा बलदेव दत्त शर्मा को डीएसपी एलआर धर्मशाला और डीएसपी डरोह अनिल कुमार को डीएसपी 1 एचपीएपी जुन्गा लगाया गया है।