पच्छाद उपचुनाव में प्रचार के दौरान एक बार फिर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पाइपों का जखीरा मिला है। राजगढ़ के बाद अब ये पाइप वासनी पंचायत में मिले हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने वासनी पंचायत में कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर ये पाइप पकड़े हैं।
उन्होंने पच्छाद उपचुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत की है। पच्छाद उपचुनाव में कांग्रेस लगातार भाजपा पर आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप लगा रही है।
राठौर ने कहा कि लोगों ने फीडबैक दिया है कि ये पाइप पांच अक्तूबर की रात को यहां उतारे गए हैं। उनके अनुसार वासनी पंचायत में डेढ़ इंच के पाइपों का कोई काम नहीं है। कांग्रेस का कहना है कि पच्छाद में उपचुनाव निष्पक्ष ढंग से नहीं हो रहे हैं।