हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के मिडिल बाजार स्थित हिमाचल रसोई रेस्तरां में हुए संदिग्ध धमाके की जांच सीआईडी को सौंपी गई है। एनएसजी की रिपोर्ट में कई तथ्य सामने आए हैं। ऐसे में पुलिस मुख्यालय ने सीआईडी को मामले की जांच करने को कहा है। एजेंसी ने जांच शुरू कर दी है। बीते जुलाई माह में मिडिल बाजार के एक रेस्तरां में हुए रहस्यमय धमाके में दो व्यक्तियों की मौत हो गई थी और 12 लोग घायल हुए थे।
विज्ञापन
धमाका होने से आसपास की दुकानों व घरों के शीशे तक टूट गए। इस मामले को गैस रिसाव से जोड़कर देखा जा रहा था। उल्लेखनीय है कि एनएसजी के अधिकारियों ने डॉग स्क्वायड और नेशनल बम डेटा सेंटर टीम के साथ घटनास्थल पर करीब 9 घंटे तक बारीकी से हर पहलू की पड़ताल की थी। मौके से सैंपल को एकत्र कर अलग-अलग लिफाफों में सील किया गया था। घटनास्थल से पत्थर, ईंट, टाइलों, मिट्टी, दीवारों से गिरा रेता, लोहे की चदरों, कांच व लकड़ियों के टुकड़े भी जांच के लिए एकत्रित किए थे।