प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 अक्तूबर को हिमाचल प्रदेश को एम्स सहित 3,650 करोड़ रुपये की सौगात देंगे। मोदी बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे बिलासपुर एम्स का उद्घाटन करेंगे। दोपहर 12:45 बजे बिलासपुर के लुहणू मैदान पहुंचेंगे। यहां वह कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। यहीं से वर्चुअल माध्यम से नालागढ़ में मेडिकल डिवाइस पार्क की आधारशिला रखेंगे और बंदला में सरकारी हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज का उद्घाटन भी करेंगे। इसके बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी दोपहर करीब 3:15 बजे कुल्लू के ढालपुर मैदान पहुंचेंगे। यहां वह कुल्लू दशहरा समारोह में हिस्सा लेंगे।
मोदी के दौरे को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने खुद यहां तैयारियों का मोर्चा संभाला हुआ है। दूसरे दिन सोमवार को भी नड्डा ने लुहणू मैदान में तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर समेत अन्यों ने मैदान में पहुंचकर हर कोने का निरीक्षण किया। इस दौरान नड्डा ने निर्देश दिए कि मैदान में जो जगह खाली है, वहां पर भी टेंट लगाए जाएं ताकि लोगों को धूप या बारिश में बैठने में कोई परेशानी न हो। नड्डा ने कहा कि सम्मान की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दूसरे घर आ रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था में 2000 पुलिस जवान और होमगार्ड तैनात रहेंगे। रथ मैदान में सुरक्षा व्यवस्था इस बार पहले से अधिक कड़ी होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम अलग-अलग थीम पर होंगे। एसपीजी के प्रोटोकॉल के जरिए लोगों को प्रवेश मिलेगा। सभी की गेट पर चेकिंग होगी।
पीएमओ के मुताबिक बिलासपुर एम्स का निर्माण 1,470 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इसमें 18 स्पेशियलिटी और 17 सुपर स्पेशियलिटी विभाग होंगे, 18 अत्याधुनिक शल्य चिकित्सा कक्ष, 750 बिस्तर, जिनमें 64 आईसीयू वाले बिस्तर होंगे। यह अस्पताल 247 एकड़ में फैला है और इसमें 24 घंटे इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी। पीएम जिन परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, उनमें पिंजौर से नालागढ़ के बीच 31 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग को चार लेन बनाया जाना भी शामिल है। प्रधानमंत्री नालागढ़ में चिकित्सा पार्क का भी शिलान्यास करेंगे। इसका निर्माण 350 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।