अंतरराष्ट्रीय कोर्फबाल फेडरेशन ने वर्ष 2023 की सूची में अंतरराष्ट्रीय रेफरियों के नामों की घोषणा कर दी है। इसमें विश्व के महज 11 देशों के 17 कोर्फबाल खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। सूची में भारत को दो खिलाड़ी विनोद ठाकुर और इंदुबाला भी हैं। दोनों हिमाचल के रहने वाले हैं। मंडी जिले के (लाका) सरकाघाट निवासी विनोद ठाकुर (45) वर्ष 2016 से खेल कोटे से महिला एवं बाल विकास विभाग में निरीक्षक के पद पर सेवारत हैं।
विनोद आठ सीनियर वर्ग और आठ फेडरेशन कप में प्रदेश के कप्तान के रूप में स्वर्ण व रजत पदक दिलाने में कामयाब रहे हैं। वर्ष 2011 से 2013 तक हिमाचल के लिए स्वर्ण पदक जीतने में हैट्रिक बनाई है। लेवल टू रेफरी का कोर्स पास विनोद ठाकुर ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में रेफरीशीप कर अलग पहचान बनाई है। जिला हमीरपुर के भोरंज उपमंडल के पपलाह गांव की इंदुबाला भी रेफरी बनी हैं।
इंदुबाला पुलिस विभाग में सेवारत हैं। बिलासपुर जिले की पांचवीं आईआरबी बटालियन बस्सी में तैनात हैं। वह भी हिमाचल को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चार स्वर्ण पदक दिला चुकी हैं। हाल में थाईलैंड में हुई एशिया ओशियाना अंतरराष्ट्रीय कोर्फबाल प्रतियोगिता में भाग लेकर भारत को पांचवां स्थान दिलाया।
अखिल भारतीय कोर्फबाल संघ के अध्यक्ष हिमांशु मिश्रा और प्रदेश कोर्फबाल संघ के महासचिव बीआर सुमन ने कहा कि यह गर्व की बात है कि भारत के दो खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय रेफरी बने हैं। दोनों हिमाचल से हैं। उधर, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश शर्मा, ऊषा ठाकुर, सेस राम राठौर, प्रेस सचिव पवन रांगड़ा, देवदत्त प्रेमी, हमीरपुर जिलाध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने दोनों को बधाई दी है।