एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला (फाइल फोटो)
भारत-दक्षिण अफ्रीका टी-20 सीरीज के धर्मशाला में होने वाले पहले मैच में विश्व के नंबर-वन जसप्रीत बुमराह और अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की अनुपस्थिति में युवा गेंदबाजों खलील अहमद, नवदीप सैणी और दीपक चहल पर सबकी निगाहें रहेंगी। वहीं दक्षिण अफ्रीका की टीम में गेंदबाजी का दारोमदार तेज गेंदबाज कगीसो रवाड़ा और भारतीय मूल के खिलाड़ी चाइना मैन बॉलर तबरीस शमशी पर रहेगा।
जसप्रीत बुमराह टीम के अनुभवी गेंदबाज हैं। बुमराह ने टी-20 के अपने करिअर में 42 मैच खेले हैं, जबकि 51 विकेट झटके हैं। वहीं भुवनेश्वर कुमार के 40 मैचों में 39 विकेट हैं। दोनों ही गेंदबाज भारत-दक्षिण अफ्रीका सीरीज से बाहर हैं। लेफ्ट आर्म फास्ट-मीडियम गेंदबाज खलील अहमद, जिन्होंने टी-20 के 11 मैचों में 11, नवदीप सैणी राइट आर्म फास्ट तीन मैचों में पांच, दीपक चहल के दो मैच में चार विकेट हैं।
यह तीनों युवा गेंदबाज मैदान में दक्षिण अफ्रीका के रन रोकने का काम करेंगे। वहीं धर्मशाला की तेज पिच पर दक्षिण अफ्रीका के कगीसे रवाड़ा को गेंदबाजी में मदद मिल सकती है। रवाड़ा 150 की स्पीड से गेंदबाजी करने का माद्दा रखते हैं, जो भारतीय बल्लेबाजों को उम्दा बल्लेबाजी करने में रुकावट बनेगी। रवाड़ा आईपीएल में दिल्ली की टीम से खेलते हैं, ऐसे में भारतीय पिचें खेल के लिए उनके लिए नई नहीं हैं।
जूनियर डाला भारत के खिलाफ करते हैं अच्छा प्रदर्शन
दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाज जूूनियर डाला ने हालांकि टी-20 में मात्र नौ मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 13 विकेट लिए हैं। वह भारत के खिलाफ उम्दा गेंदबाजी करते आए हैं। वहीं ब्यूरान हैंड्रिक्स ने दस मैचों में 16, एनरिक नोरटजे अपना पहला टी-20 मैच खेलेंगे, तो लेफ्ट आर्म स्पीनर जियोर्ज लिंडे टी-20 के करियर में 75 मैचों में 77 विकेट ले चुके हैं।