बांग्लादेश के विदेश राज्यमंत्री मोहम्मद शहरयार ने कहा कि रोहिंग्या शरणार्थियों की अवैध आवाजाही से पूरे क्षेत्र में असंतुलन पैदा हो रहा है। न केवल 2017 में बड़ी संख्या में रोहिंग्या बांग्लादेश में आए हैं, बल्कि अब उसके बाद भी इनकी आवाजाही यहां लगातार चली हुई है।
रोहिंग्या शरणार्थियों की अवैध तरीके से आवाजाही न केवल बांग्लादेश, बल्कि भारत के लिए भी बहुत बड़ा खतरा है। यह एक क्षेत्रीय सुरक्षा खतरे की तरह भी है। यह बात बांग्लादेश के विदेश राज्यमंत्री मोहम्मद शहरयार आलम ने पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि वह स्पष्ट रूप से कह देना चाहते हैं कि इस बारे में भारत से बांग्लादेश सहयोग की ज्यादा उम्मीद लगाए है।
विज्ञापन
पीटरहॉफ शिमला में भारत और बांग्लादेश के प्रतिनिधियों ने इंडिया-बांग्लादेश फ्रेंडशिप डायलॉग में दूसरे दिन भी लंबी मंत्रणा की। बांग्लादेश के विदेश राज्यमंत्री ने कहा कि उन्हें मालूम है कि यह एक जियो-पॉलिटिकल मामला है। इसके बावजूद बांग्लादेश इस मुद्दे पर भारत से मित्रता होने के नाते सहयोग की अपील करता है। उन्होंने कहा कि रोहिंग्या शरणार्थियों की अवैध आवाजाही से पूरे क्षेत्र में असंतुलन पैदा हो रहा है। न केवल 2017 में बड़ी संख्या में रोहिंग्या बांग्लादेश में आए हैं, बल्कि अब उसके बाद भी इनकी आवाजाही यहां लगातार चली हुई है। इससे इस क्षेत्रीय खतरे को ठीक से पहचाने जाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में भारत की कारोबारी कंपनियां बांग्लादेश में निवेश कर रही हैं। दोनों ओर से अच्छे प्रयास हो रहे हैं। रेलवे और अन्य संपर्क साधन भी बढ़ाए जा रहे हैं। सुरक्षा की बात करें तो शेख हसीना की सरकार हिंसक कट्टरवाद के खिलाफ है। भारत से भी सीमा पर शांति बनाए रखने के लिए खूब सहयोग मिला है। शनिवार को इस संवाद में सुबह के सत्र की अध्यक्षता बांग्लादेश के पूर्व उच्चायुक्त तारीक ए करीम ने की। दूसरे सत्र की अध्यक्षता पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद सुरेश प्रभु ने की।
विज्ञापन
बांग्लादेश में नकली भारतीय रुपये भेज रहे पाकिस्तानी
बांग्लादेश के विदेश राज्यमंत्री ने कहा कि भारत और पाकिस्तान का झगड़ा दोनों देशों का द्विपक्षीय मसला है। इसमें बांग्लादेश को टिप्पणी करना भी सही नहीं है। हालांकि पाकिस्तान में एक सच्चे लोकतंत्र की जरूरत है। पाकिस्तान की सरकारें आतंकवाद को खत्म नहीं कर पा रही हैं। बांग्लादेश में नकली भारतीय रुपयों को भेजने में पाकिस्तानी संलिप्त रहे हैं। पाकिस्तान को इन सबसे बाहर निकलने की जरूरत है।
दो सत्रों में चर्चा के बाद कुफरी गए प्रतिनिधिमंडल
दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल दोपहर बाद कुफरी रवाना हो गए। शाम के वक्त इन्हें सेना प्रशिक्षण कमान के लेफ्टिनेंट जनरल राज शुक्ला की ओर से डिन्नर करवाया गया। रविवार को प्रतिनिधिमंडल चंडीगढ़ के लिए रवाना होगा।