नादौन में आईटी की दबिश, मौके पर मौजूद सुरक्षा बल।
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के नादौन में आयकर विभाग ने तीन कारोबारियों के घरों और व्यापारिक ठिकानों पर छापे मारे। विभाग के अधिकारी जेसीबी में सवार होकर धनोट में ब्यास नदी के साथ लगती खड्ड पार कर एक कारोबारी के क्रशर पर भी पहुंची। क्रशर से जुड़ी संपत्तियों की जांच की। दरअसल, कारोबारी का क्रशर नादौन सीमा के साथ सटे ज्वालामुखी क्षेत्र में है। ब्यास नदी और साथ लगती खड्ड में पानी बढ़ने से अधिकारी जेसीबी में बैठकर क्रशर तक पहुंचे। कारोबारियों के घरों-व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर एक ही समय छापे मारे गए।
इस दौरान कारोबारियों और उनके परिवार के सदस्यों के फोन, लैपटॉप कब्जे में ले लिए गए। देर शाम तक रेड जारी रही। भरमोटी, मानपुल और ज्वालामुखी के धनोट क्षेत्र में छापे मारे गए। जिन कारोबारियों के घरों में दबिश दी गई, उनके घर भरमोटी में हैं। एक ठेकेदार हैं, दूसरा मैरिज पैलेस और तीसरा क्रशर का मालिक है। विभाग की टीमें दिल्ली, हरियाणा और पंजाब नंबर की गाड़ियों में सवार होकर नादौन पहुंची। टीम ने कारोबारियों के ठेकों, क्रशर और मैरिज पैलेस के रिकाॅर्ड के साथ-साथ जमीन खरीद फरोख्त के दस्तावेज खंगाले। अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मौके से क्या बरामद किया है। विभाग की हफ्ते के भीतर जिले में दूसरी रेड है।