हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के उपमंडल भोरंज के तहत परोल गांव के आशीष ठाकुर ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर अपने गांव का नाम रोशन किया है। आशीष कुमार विक्टोरिया परिवार से संबंध रखने वाले गांव परोल तहसील भोरंज जिला हमीरपुर से स्व. मान चंद के पोते हैं। आशीष ठाकुर की माता रंजना देवी और पिता रवि चंद्र ने कहा कि आशीष कुमार ने जमा दो की परीक्षा न्यू ईरा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परोल से पास की। इसके बाद नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में प्रवेश लिया लेकिन अभी बीएससी द्वितीय वर्ष में पढ़ रहे थे, उसी दौरान उन्होंने बिलासपुर के लुहणू मैदान में आयोजित ओपन आर्मी भर्ती में भाग लिया। मैदान में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया तथा 2017 में जेके राइफल्स में भर्ती हो गए। इनमें आगे बढ़ने की तमन्ना थी। इन्होंने कठिन मेहनत करते हुए दो साल की सामान्य ड्यूटी में नौकरी करने के बाद वर्ष 2019 में भोपाल (मध्यप्रदेश) से पहले प्रयास में ही एसएसबी पास किया। नौ दिसंबर 2023 को इंडियन मिलिट्री अकादमी (आईएमए) देहरादून से लेफ्टिनेंट के रूप में पास आउट हुए। इनकी माता रंजना देवी गृहिणी हैं तथा पिता रवि चंद्र राजस्व विभाग में पटवारी के पद पर कार्यरत हैं।