नगर निगम ने दिए दिशा निर्देश, आसपास के दूसरे घरों को नुकसान पहुंचा तो मस्जिद कमेटी होगी जिम्मेदार
निगम वास्तुकार आज जाएंगे मौके पर, वक्फ बोर्ड ने भी संपदा अधिकारी को किया तैनात
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। संजौली मस्जिद की तीन अवैध मंजिलें तोड़ने का काम नगर निगम और वक्फ बोर्ड की निगरानी में ही होगा। नगर निगम ने कनिष्ठ अभियंता को मौके पर भेजकर मस्जिद कमेटी को भी इस बारे में दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।
मंगलवार को निगम वास्तुकार धीरज चंदेल खुद मौके पर जाकर काम का जायजा लेंगे। नगर निगम के अलावा वक्फ बोर्ड ने भी संपदा अधिकारी कुतुबदीन को इसकी निगरानी के लिए मौके पर भेजा है। कुतुबदीन सोमवार को भी मौके पर मौजूद रहे। उधर नगर निगम ने अवैध निर्माण गिराने को लेकर खास दिशा-निर्देश भी दिए हैं। निगम के अनुसार वैज्ञानिक तरीके से निर्माण गिराना होगा। अवैध निर्माण तोड़ने के काम के दौरान यदि आसपास के भवनों को नुकसान पहुंचा तो इसके लिए मस्जिद कमेटी जिम्मेदार होगी। मस्जिद के चारों ओर पैदल रास्ते भी हैं। इन पर लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में अवैध निर्माण तोड़ने के काम से आम जनता को कोई नुकसान न हो, इसके लिए भी सावधानी बरतने को कहा है। रास्तों पर कमेटी को लोग तैनात करने होंगे जो यहां से गुजरने वाले लोगों को अलर्ट करेंगे। मस्जिद के बाहर पुलिस का भी पहरा है। अब यहां कम ही पुलिसकर्मी तैनात हैं जो हालात पर नजर रखेंगे।
अवैध निर्माण गिराने की दी है मंजूरी
संजौली मस्जिद कमेटी ने अवैध निर्माण गिराने के लिए वक्फ बोर्ड से मंजूरी मांगी थी। इसे मंजूरी दे दी गई है। बोर्ड की निगरानी में ही यह अवैध निर्माण हटाया जाएगा।
कुतुबदीन, संपदा अधिकारी वक्फ बोर्ड
नुकसान के लिए कमेटी जिम्मेदार
मस्जिद कमेटी ने अवैध निर्माण हटाने का काम शुरू कर दिया है। यह अवैध निर्माण हटाने का काम वैज्ञानिक तरीके से करना होगा। आसपास के लोगों या इनके भवनों को नुकसान न हो, इसका ध्यान भी मस्जिद कमेटी को रखना होगा। किसी भी तरह के नुकसान के लिए कमेटी ही जिम्मेदार होगी।
धीरज चंदेल, निगम वास्तुकार