इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) में एक सफाई कर्मी ने महिला स्वास्थ्य कर्मी का चेजिंग रूम में कपड़े बदलते हुए वीडियो बना डाला। महिला कर्मी ने पता चलते ही इसकी शिकायत तुरंत पुलिस को कर दी। इसके बाद आईजीएमसी प्रबंधन ने आउटसोर्स पर तैनात सफाई कर्मी को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। पुलिस के मुताबिक यह घटना मंगलवार सुबह की है। महिला स्वास्थ्य कर्मी आईजीएमसी के एक विभाग में तैनात है।
आईजीएमसी पहुंचने के बाद ड्यूटी के लिए वह चेंजिंग रूम में जाकर अपनी ड्रेस बदल रही थी। उसी दौरान सफाई कर्मी साथ वाले कमरे की दीवार पर एक मोबाइल के जरिये उसका वीडियो बना रहा था, जिसे सामने के कमरे से एक डॉक्टर ने देख लिया। महिला कर्मचारी को जब इसकी जानकारी लगी तो उसने तुरंत पुलिस को सूचित किया और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया और मोबाइल कब्जे में ले लिया।
डीएसपी हेडक्वार्टर कमल किशोर वर्मा ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ सदर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। आईजीएमसी के प्रिंसिपल डॉ. सुरिंद्र सिंह ने कहा कि आरोपी सफाई कर्मचारी को बर्खास्त कर दिया है। वहीं ठेकेदारों को चेताया है कि वह अपने कर्मचारियों को सही ढंग से काम करने की हिदायत दें।
प्रबंधन की सुरक्षा की खुली पोल
आईजीएमसी में बनाए गए चेंजिंग रूम में शीशे लगाए गए हैं। विकृत प्रवृति के लोग कई बार इसका नाजायज फायदा उठा लेते हैं। यहां पक्की दीवारें होनी चाहिए। कर्मचारियों ने कहा कि चेंजिंग रूम में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए जाएं।