गौरतलब है कि सभी मंदिरों का बजट दिसंबर या जनवरी में बन जाता है। ऐसे में अगस्त में अचानक बिना बजट खजाने से करोड़ों रुपये देने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। ऊना के डीसी संदीप कुमार, हमीरपुर के डीसी हरिकेश मीणा, कांगड़ा के उपायुक्त राकेश प्रजापति ने माना कि मंदिरों से सीएम राहत कोष के लिए राशि जारी करने के प्रस्ताव पारित हुए हैं। ये निर्णय मंदिर न्यासों की बैठक में न्यासियों की ओर से लिए गए हैं।
चामुंडा मंदिर से 5 माह पहले 51 लाख, अब एक करोड़ और दिए
कांगड़ा के चामुंडा मंदिर में इसी वर्ष फरवरी में मंदिर न्यास ने 51 लाख रुपये सीएम राहत कोष में दिए थे। अब शनिवार को फिर से मंदिर न्यास ने बैठक में प्रस्ताव पारित कर सरकार के खजाने में 1 करोड़ जारी कर दिए।
हिमाचल के अधिकतर मंदिरों की वित्तीय स्थिति खराब है। वर्ष 2018 में बज्रेश्वरी मंदिर की आय करीब 6 करोड़, जबकि खर्चा 7 करोड़ रुपये था। ज्वालाजी मंदिर में आय 12 करोड़ और खर्चा 10 करोड़ था। चामुंडा मंदिर की आय करीब साढ़े 4 करोड़ जबकि खर्चा साढ़े 5 करोड़ रुपये था।
30 फीसदी पैसा बारीदारों, 15 फीसदी जाता है गोसदन को
मंदिरों की आय का 30 फीसदी हिस्सा बारीदारों और 15 फीसदी हिस्सा गोसदन संचालन के लिए जाता है। कर्मचारियों को तनख्वाह, निर्धन लड़कियों की शादी के लिए मदद, लंगर व्यवस्था, मेलों का आयोजन मंदिर करते हैं।
सीएम राहत कोष के लिए मंदिरों से करोड़ों देना सही नहीं : कांग्रेस
कांग्रेस के पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा, नयनादेवी से विधायक रामलाल ठाकुर और सुजानपुर से राजेंद्र राणा ने कहा कि बिना बजट मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए मंदिरों के खजाने से करोड़ों रुपये देना न्यायसंगत नहीं है। मंदिरों में चढ़ावे का पैसा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रयोग में लाया जाना चाहिए।