हिल्स क्वीन में सैलानियों के जमावड़े से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिले
48 घंटों में शहर में दाखिल हुए 7500 वाहन
कुफरी, नारकंडा, मशोबरा, नालदेहरा टूरिस्टों से गुलजार
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। डबल वैक्सीनेशन के बाद बड़ी संख्या में सैलानियों ने हिल्स क्वीन का रुख करना शुरू कर दिया है। बीते सप्ताह के बाद इस वीकेंड पर भी शिमला में सैलानियों की खूब चहल पहल रही।
सैलानियों की आमद बढ़ने के बाद शहर के होटलों में ऑक्यूपेंसी 50 से 60 फीसदी पहुंच गई है। बीते 48 घंटों के भीतर करीब 7600 वाहनों ने शोघी बैरियर से होकर आवाजाही की। सैलानियों की आमद बढ़ने के बाद शिमला के अलावा कुफरी, नारकंडा, मशोबरा, नालदेहरा भी टूरिस्टों से गुलजार हो गए हैं।
डबल वैक्सीनेशन के बाद कोरोना संक्रमण को लेकर सैलानियों में खौफ कम होने लगा है। शिमला के पर्यटन कारोबारियों का मानना है कि देश में डबल वैक्सीनेशन वालों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे लोग जिन्हें दोनों टीके लग चुके हैं, परिवार वालों के साथ घूमने शिमला पहुंच रहे हैं। शुक्रवार से ही शहर में सैलानियों की आमद शुरू हो गई थी। शुक्रवार को शिमला के प्रवेश द्वार शोघी बैरियर से करीब 3700 वाहनों ने आवाजाही की जबकि शनिवार को 3800 वाहनों ने आवाजाही की। शनिवार को रिज मैदान और मालरोड पर सैलानियों की भारी चहल पहल रही।
सैलानियों ने रिज मैदान पर घुड़सवारी और फोटोग्राफी का आनंद लिया। सैलानियों की आमद में बढ़ोतरी के बाद शिमला स्थित पर्यटन विकास निगम के होटलों में भी आक्यूपेंसी बढ़ी है। शनिवार को शिमला के प्रसिद्ध होटल हॉलीडे होम में 70 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी पहुंच गई थी। ट्रेवल एजेंट्स एसोसिएशन शिमला के महासचिव मनु सूद ने बताया कि डबल वैक्सीनेशन के बाद बड़ी संख्या में सैलानियों की आमद बढ़ने लगी है। इस वीकेंड पर शहर के होटलों में ऑक्यूपेंसी बढ़कर करीब 60 फीसदी पहुंच गई है। आने वाले हफ्तों में भी सैलानियों की आमद जारी रहने की उम्मीद है।
दो दिन में 16000 लोगों ने
किया लिफ्ट का इस्तेमाल
सर्कुलर रोड को मालरोड से जोड़ने वाली पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट का दो दिनों के भीतर करीब 16000 लोगों ने इस्तेमाल किया। शुक्रवार को 7000 सैलानियों ने लिफ्ट से मालरोड पहुंचने के लिए आवाजाही की जबकि शनिवार को यह आंकड़ा बढ़ कर 9000 पहुंच गया। दोपहर बाद लिफ्ट के बाहर टूरिस्टों की कतारें देखने को मिलीं।