एक से चार जून तक शाम 6 से 11 और 5 जून को रात 12:30 बजे तक मिलेगी परिवहन सेवा
विज्ञापन
न्यू शिमला, मैहली, संजौली, टुटू रूट पर चलेंगी बसें संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। अंतरराष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव (समर फेस्टिवल) शिमला के आयोजन के दौरान शहर में रात 11 बजे तक बसें चलेंगी। यह फैसला हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने लिया है।
निगम के मुताबिक एक से पांच जून तक चलने वाले ग्रीष्मोत्सव के दौरान हर शाम सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन रात दस बजे तक होगा। इसलिए निगम ने यह बसें चलाने का फैसला लिया ताकि कार्यक्रम देखने के बाद लोग आसानी से अपने घर पहुंच सकें। 5 जून को अंतिम दिन सांस्कृतिक संध्या रात 11 बजे तक होगी, इसलिए इस दिन बस सेवा साढ़े बारह बजे तक मिलेगी। निगम विशेष बसों के अलावा टेंपो ट्रैवलर भी चलाएगा। 1 से 4 जून तक यह बसें और टेंपो ट्रैवलर शाम 6:00 से लेकर रात 11:00 बजे तक चलेंगे। 5 जून को मध्यरात्रि 12:30 बजे तक शहर के लोगों को यह सुविधा मिलेगी।
विज्ञापन
एचआरटीसी लोकल यूनिट के क्षेत्रीय प्रबंधक अंकुर वर्मा ने यह जानकारी दी। बताया कि ग्रीष्मोत्सव को स्थानीय लोगों के अलावा भारी संख्या में बाहरी राज्यों के सैलानी भी देखने के लिए आते हैं। इस दौरान पहाड़ी और बाॅलीवुड गायक सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देंगे। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की विशेष परिवहन सेवा का संचालन सुचारु तरीके से हो सके इसके लिए शहर को सेक्टरों में बांटा है। यह बसें न्यू शिमला, मैहली, संजौली, टुटू और हीरानगर के लिए समय-समय पर आवाजाही करेंगी। नौ रूटों पर बसें और टेंपो ट्रैवलर चलेंगे। यात्रियों की मांग के अनुसार परिवहन सुविधाओं को बढ़ाया जा सकता है। बस सेवा की निगरानी के लिए विभाग की ओर से एक निरीक्षक और दो उप निरीक्षकों की ड्यूटियां लगाई गईं हैं।
किस रूट पर कितनी बसें चलेंगी
पुराना बस स्टैंड से छोटा शिमला, संजौली, लक्कड़ बाजार होते हुए 2 बसें चलेंगी, पुराना बस स्टैंड से लक्कड़ बाजार, संजौली से छोटा शिमला होते हुए पुराना बस स्टैंड तक 2 बसें चलेंगी। पुराना बस स्टैंड से आईएसबीटी रूट पर 2, पुराना बस स्टैंड से टुटू को एक, पुराना बस स्टैंड-मैहली रूट पर दो, पुराना बस स्टैंड से न्यू शिमला के लिए एक बस चलेगी, लक्कड़ बाजार-आईजीएमसी-संजौली-लक्कड़ बाजार रूट पर एचआरटीसी के दो टेंपो ट्रैैवलर चलाए जाएंगे।सीटीओ से समरहिल, टुटू और हीरानगर से सीटीओ तक एक-एक टेंपो ट्रैवलर चलाया जाएगा। यह सेवा शाम छह बजे से शुरू होगी। सवारियां की संख्या के हिसाब वाहनों के चक्कर (अप एंड डाउन) लगाए जाएंगे।