एचआरटीसी के चालकों-परिचालकों ने कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए पुख्ता सुरक्षा प्रबंध करने की मांग की। उन्होंने सरकार से मास्क, दस्ताने और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध करवाने की मांग की है। बुधवार को एचआरटीसी के चालक-परिचालक यूनियन ने संयुक्त रूप से बस स्टैंड हमीरपुर में एकत्रित होकर निगम प्रबंधन और सरकार से चालकों और परिचालकों को कोरोनावायरस से बचने के लिए जरूरी उपकरण व सामग्री उपलब्ध करवाने की मांग की है। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी भी की।
कर्मचारियों राजेश कुमार, विशन दास, सतीश कुमार, गोपाल चंद, जसवीर पटियाल, प्रीतम चंद, प्यारे लाल, डांडू राम, सुनील, प्रदीप, सुरेश कुमार, अजय कुमार, राहुल, जसविंद्र सिंह, विनोद, अखिलेश, विधि चंद और पुरुषोत्तम लाल ने कहा कि निगम की सैकड़ों बसें चंडीगढ़ दिल्ली, हरिद्वार समेत अनेकों अंतरराज्यीय रूटों पर दौड़ रही हैं। बस चालकों और परिचालकों को यात्रियों का सामान को इधर-उधर करना पड़ता है। यात्रियों से बस किराया लेते समय या टिकट चेक करनी पड़ती हैं। बस में सवार होने वाले यात्रियों का पता नहीं चलता है कि किसे क्या बीमारी है।
इसके चलते एचआरटीसी कर्मचारियों को संक्रमण का खतरा रहता है। निगम प्रबंधन बसों में स्प्रे करवा रहा है, लेकिन लंबी दूरी की बसों में यह स्प्रे इतनी कारगर नहीं है। बसों को जगह-जगह पर बस स्टॉप पर सैनिटाइज किया जाना चाहिए। साथ ही सभी कर्मचारियों को मास्क, दस्ताने और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध करवाई जानी चाहिए। उधर, एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक विवेक लखनपाल ने कहा कि रूटों पर जाने से पूर्व सभी बसों में साफ-सफाई की जा रही है। साथ ही सभी बसों को सैनिटाइज किया जा रहा है।