कोरोना प्रभावित देश से लौटकर दिल्ली हवाई अड्डे पर बिना मेडिकल जांच करवाए एक तिब्बती समुदाय का युवक 13 मार्च को गायब हो गया। सूचना मिलने पर बुधवार को स्थानीय पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और सुरक्षा एजेंसियों ने हिमाचल के मंडी जिले के जोगिंद्रनगर स्थित तिब्बती मोनिस्ट्री में तलाशी ली, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। स्थानीय लोगों और तिब्बती समुदाय में इससे हड़कंप मच गया है।
दिल्ली पुलिस को मिले इनपुट के तहत लापता युवक चौंतड़ा स्थित जोंगसर तिब्बती मोनिस्ट्री का बताया गया है। इसीलिए स्वास्थ्य विभाग और चौंतड़ा पुलिस ने नांगचन और जांगसर डिवीजनों में उसकी तलाश की और संबंधित सेटलमेंट अधिकारियों से भी पूछताछ की। इसकी पुष्टि नांगचन डिवीजन मोनिस्ट्री चौंतड़ा के सेटलमेंट अधिकारी पेमा यूडन ने की है। उनका कहना है कि मामला जांगसर डिवीजन का था, इसलिए पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को संबंधित डिवीजन से संपर्क करने का सुझाव दिया है। डीएसपी जोगिंद्रनगर मदनकांत ने भी मामले की पुष्टि की है।