एचआरटीसी ने बढ़ाया बसों का संचालन
हजारों यात्रियों को मिलेगी अब राहत
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। मौसम खुलने के बाद एचआरटीसी ने वीकेंड पर बसों का संचालन बढ़ा दिया है। कोरोना के खतरे के चलते फाइव डे वीक की व्यवस्था के बाद यात्रियों की संख्या में आई कमी के चलते वीकेंड पर शनिवार और रविवार को रूटों में 50 फीसदी की कटौती की जा रही थी। लेकिन शनिवार को एचआरटीसी ने शहर के सभी लोकल रूटों पर बसों का संचालन शुरू कर दिया है। रविवार को यात्रियों की संख्या बेहद कम होने के बावजूद 30 फीसदी रूटों में ही कटौती होगी।
रविवार को एचआरटीसी शिमला लोकल डिपो शहर के अधिकांश रूटों पर बसों का संचालन करेगा। ऐसे रूट जहां तीन बसें चलती हैं और यात्रियों की संख्या बहुत कम है वहां एक बस चलाई जाएगी। शहर में दोपहर के समय कुछ ट्रिप मर्ज किए जाएंगे लेकिन नियमित अंतराल पर यात्रियों को बस सुविधा मिलती रहे इसके लिए बसें चलती रहेंगी। ओल्ड बस स्टैंड आईएसबीटी, न्यू शिमला ओल्ड बस स्टैंड, ढली संजौली ओल्ड बस स्टैंड रूट पर बस सेवा सामान्य रहेगी। पुराने बस अड्डे के प्रभारी रामानंद ठाकुर ने बताया कि शनिवार को सभी रूटों पर बसों का संचालन किया है। रविवार को 30 फीसदी ऐसे रूट जहां यात्री उपलब्ध नहीं होती वहां तीन के स्थान पर एक बस संचालित होगी।