फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal: एचआरटीसी के बेड़े में जल्द शामिल होंगी 150 नई डीजल बसें, उप मुख्यमंत्री ने विधानसभा में दी जानकारी

Tue, 21 Mar 2023 10:40 AM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, शिमला

सार

प्रश्नकाल के दौरान पूर्व सरकार के समय हुए 350 डीजल बसों की खरीद टेंडर पर उपमुख्यमंत्री ने स्थिति स्पष्ट करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निगम की 1200 बसें जीरो बुक वैल्यू या 15 वर्ष पूरे कर चुकी हैं।
विज्ञापन
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि एचआरटीसी के बेड़े में जल्द 150 नई डीजल बसें शामिल होंगी। प्रश्नकाल के दौरान पूर्व सरकार के समय हुए 350 डीजल बसों की खरीद टेंडर पर उपमुख्यमंत्री ने स्थिति स्पष्ट करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निगम की 1200 बसें जीरो बुक वैल्यू या 15 वर्ष पूरे कर चुकी हैं। परिवहन निगम 1,350 करोड़ के घाटे में है। कोरोना संकट के दौरान कई बसें खड़ी रही थीं। अब रूट बहाल किए जा रहे हैं।

विज्ञापन


ये भी पढ़ें: हिमाचल विधानसभा सत्र: सीएम सुक्खू बोले- शराब ठेकों के आवंटन से इस बार 40 प्रतिशत अधिक राजस्व प्राप्त होगा

कांग्रेस विधायक नीरज नैय्यर के सवाल पर मुकेश ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान लॉकडाउन समाप्त होने के बाद चंबा में 160 रूटों पर बस सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। जिले में अभी भी 14 रूटों पर बसों का परिचालन अस्थायी तौर पर संसाधनों की कमी के कारण बंद है। जल्द ये रूट बहाल किए जाएंगे। 10 नई बसें चंबा को जल्द दी जाएंगी। इनमें 26 सीटर दो छोटी बसें भी होंगी। विधायक केवल सिंह पठानिया और विनोद कुमार के सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों विधायकों को भी जानकारियां अलग से दे दी जाएंगी।
विज्ञापन


नैतिकता कहती है, जिस विभाग के मंत्री रहे हों, उसके सवाल नहीं पूछते
पूर्व परिवहन मंत्री और भाजपा विधायक बिक्रम सिंह पर तंज कसते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नैतिकता कहती है, जिस विभाग के मंत्री रहे हों, उसके सवाल नहीं पूछे जाते। विधायक बिक्रम ने सदन में अनुपूरक सवाल पूछा था कि पूर्व सरकार के समय 350 बसों का जो टेंडर हुआ था, उसको लेकर सरकार क्या कदम उठाने जा रही है। भाजपा विधायकों की ओर से परिवहन विभाग से जुड़े कई सवाल पूछने पर मुकेश ने चुटकी लेते हुए कहा कि जब बिक्रम सिंह परिवहन मंत्री होते थे, तब तो इतने सवाल नहीं पूछे जाते थे। अब बहुत अधिक संख्या में सवाल लगा दिए गए हैं।

रविवार को जो बस रूट चलाएं जा सकते होंगे, चलाएंगे : मुकेश
 कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा और संजय रत्न ने रविवार को प्रदेश के अधिकांश रूटों पर बस सेवा प्रभावित रहने का मामला उठाया। विधायकों ने कहा कि रविवार को बसें नहीं मिलने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जो रूट चलाए जा सकते होंगे, उन्हें चलाएंगे। भाजपा विधायक बलवीर वर्मा के सवाल पर मुकेश ने कहा कि चौपाल में जल्द क्षेत्रीय प्रबंधक का पद भर दिया जाएगा। इसके बाद शेष रिक्त पद भरे जाएंगे। उन्होंने वर्मा पर चुटकी लेते हुए कहा कि विधायक हर सरकार में अपने काम निकलवा लेते हैं। विधायक राकेश जंबाल के सवाल का जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के तहत ध्वाल पंचायत के ऐहन गांव के लिए सड़क अभी खराब है। सोमवार सुबह ही मौके से यह जानकारी मिली है। बजट सत्र के बाद साथ चलकर बस को चला दिया जाएगा। 
 

Trending Videos

अब पंचायतें जोड़ने का काम हुआ तो योजना फिर पहले चरण में पहुंच जाएगी

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विधायक केवल सिंह पठानिया के सवाल पर कहा कि अगर अब पंचायतों को जोड़ने का काम हुआ तो योजना फिर पहले चरण में पहुंच जाएगी। पठानिया ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की दो पंचायतों मनई और भरुपलाड़ को सिंचाई योजना में नहीं जोड़ने का आरोप लगाया। कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के समय 545 हेक्टेयर भूमि योजना के लिए चयनित की गई थी। भाजपा सरकार ने दो पंचायतों को इससे बाहर कर कुल भूमि का दायरा घटाकर 337 हेक्टेयर कर दिया है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जल शक्ति मंडल ज्वाली ने सिंचाई परियोजना सूखा हार की 223 करोड़ की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की है। इसे राज्य स्तरीय योजना स्वीकृति समीति की बैठक में भेज दिया गया है। अनुमोदन के बाद केंद्रीय जल आयोग, जल संसाधन नदी विकास एवं गंगा संरक्षण नई दिल्ली को भेजा जाएगा। शाहपुर की हारचक्कियां, लपियाणा, परगौड़ तथा ठेहड़ के दस गांवों को योजना में शामिल किया गया है। 
 
विज्ञापन

प्रश्न विलोपित होने पर विधायक डॉ. जनकराज ने जताई नाराजगी

 विधानसभा सदन में प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू होने से पहले प्वाइंट ऑफ आर्डर लेकर भाजपा विधायक डॉ. जनकराज ने प्रश्न विलोपित होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि भरमौर विधानसभा क्षेत्र में कई अधिकारियों और कर्मचारियों के पद रिक्त होने से संबंधित उन्होंने प्रश्न लगाया था, लेकिन इसे विलोपित कर दिया गया है। नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि विधायक अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर गंभीर हैं।

भरमौर में कितने पद रिक्त हैं और इन्हें कब भरा जाएगा। यह साधारण की जानकारी विधायक ने मांगी थी। जब विधानसभा सचिवालय से प्रश्न विलोपित करने का कारण पूछा गया तो मालूम हुआ कि सरकार ने ऐसा करने को कहा। जयराम ने कहा कि नियमानुसार प्रश्न विलोपित नहीं हो सकते। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि इस मामले को देखा जाएगा। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें