बर्फबारी के चलते अपर शिमला के सभी मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद रहे। शिमला सिटी में परिवहन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं, वहीं ऊपरी शिमला के लिए सुबह से ही परिवहन निगम की कोई बस नहीं भेजी गई। सिटी सहित ऊपरी शिमला के रविवार को करीब 250 रूट फेल हो गए हैं। भारी बर्फबारी के चलते रामपुर, किन्नौर को वाया मशोबरा-बसंतपुर भेजी जा रही बसें भी रविवार को नहीं भेजी गई हैं। रोहडू के लिए भी वाया पांवटा निगम की कोई बस नहीं भेजी गई है।
नहीं पहुंची दूध, ब्रेड, अंडे की सप्लाई
वाहनों की आवाजाही बंद होने के चलते ऊपरी शिमला में रोजाना इस्तेमाल होने वाली चीजें जैसे दूध, ब्रेड, अंडे की सप्लाई भी प्रभावित रही।
मौसम पर निर्भर होगा आज ट्रैफिक
बर्फ बारी के बाद सोमवार को वर्किंग डे पर शहर में ट्रैफिक व्यवस्था मौसम के मिजाज पर ही निर्भर करेगी। रात को मौसम साफ रहने पर सुबह कोहरा जमने से सड़कों पर फिसलन सताएगी। यदि रात को और बर्फबारी हुई तो मुश्किलें और गंभीर होंगी। हालांकि लोक निर्माण विभाग शिमला डिविजन एक ने दावा किया है कि शहर के सर्कुलर रोड से बर्फ हटा दी गई है।
इसके साथ ही संजौली ढली से मशोबरा की ओर जाने वाली सड़क में देर शाम छह बजे तक मशोबरा के आगे तक बर्फ हटा दी गई थी। लोनिवि के अधिशासी अभियंता अयूब चौधरी का कहना है कि देर शाम तक बल्देंयां तक बर्फ हटा कर सड़क को ट्रैफिक के लिए बहाल कर दिया जाएगा।