ये है कैंसर का मुख्य कारण
डॉ. रांटा ने कहा कि खानपान और जीवनशैली का सही नहीं होना कैंसर का मुख्य कारण है। कृषि और बागवानी फसलों पर कीटनाशकों का अंधाधुंध छिड़काव भी वजह है। ठियोग में कैंसर के सबसे ज्यादा मरीज पाए गए हैं। ठियोग में सब्जियों की पैदावार खूब होती है और स्वाभाविक रूप से इन पर कीटनाशकों का छिड़काव भी होता है। लोगों को जागरूक होने की जरूरत है। कैंसर से लड़ाई के लिए सबसे पहले खानपान और जीवनशैली का ध्यान रखना होगा। पुरुषों में फेफड़ों का कैंसर सबसे ज्यादा, इसके बाद मुंह का कैंसर। महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर ज्यादा, उसके बाद गर्भाशय का कैंसर है।
शाकाहारी भोजन करें, शराब और धूम्रपान छोड़ें
आईजीएमसी शिमला के कैंसर अस्पताल के विभागाध्यक्ष एवं प्रो. मनीष गुप्ता ने कहा कि पुरुषों में ज्यादातर फेफड़े का कैंसर पाया जा रहा है, जो अधिक उम्र में ज्यादा होता है। महिलाओं में ज्यादातर ब्रेस्ट कैंसर पाया जा रहा है, जो युवावस्था और अधेड़ अवस्था में अधिक होता है। इसलिए इस तरह का ट्रेंड नजर आ रहा है। इसके लिए जीवनशैली को बदलना होगा। शाकाहारी भोजन करें और रेड मीट, फास्ट फूड से परहेज करें। शराब, धूम्रपान का सेवन न करें। व्यायाम भी करें।