प्रदेश विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र खनियारा, धर्मशाला ने विभिन्न पीजी डिग्री कोर्स में प्रवेश को होने वाली काउंसलिंग के लिए आवेदन का शेड्यूल जारी कर दिया है। 20 जुलाई तक छात्र आवेदन कर सकेंगे। पीजी कोर्स की प्रवेश परीक्षा के घोषित नतीजों में प्राप्तांक के आधार पर ही काउंसलिंग के लिए आवेदन फार्म भरे जाएंगे। क्षेत्रीय केंद्र के निदेशक प्रो. डीपी वर्मा ने कहा कि क्षेत्रीय केंद्र का प्रोस्पेक्टस और आवेदन फार्म विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलोड किए गए हैं। इसे छात्र डाउनलोड कर सकते हैं।
एमए इंग्लिश, हिंदी, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, संस्कृत, एम कॉम एमए/एमएससी मैथ और तीन वर्षीय एलएलबी कोर्स में एचपीयू की प्रवेश परीक्षा के प्राप्तांक आधार पर काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी कर प्रवेश दिया जाना है। वहीं केंद्र में चल रहे एमबीए कोर्स में एचपीयू मेट-2022 के आधार पर काउंसलिंग होगी, जबकि एमसीस कोर्स में एचपीयू के एमसीए की प्रवेश परीक्षा और एचपीयू एमसीए विभाग में होने वाली केंद्रीकृत काउंसलिंग के आधार पर प्रवेश मिलेगा। निदेशक ने साफ किया है कि एमए लोक प्रशासन में छात्रों की तय संख्या और शिक्षक की उपलब्धता के अनुसार ही प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र के इन सभी कोर्स के लिए काउंसलिंग का शेड्यूल अलग से जारी किया जाएगा। काउंसलिंग एचपीयू की काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आयोजित की जानी है।
एमएससी जियोलॉजी, पीजीडीसीए में मेरिट पर मिलेगा प्रवेश
क्षेत्रीय केंद्र के पीजीडीसीए, एमएससी जियोलॉजी कोर्स में मेरिट आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए भी बीस जुलाई तक आवेदन करना होगा।